A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. युवती के साथ हुआ गैंगरेप, घटना के बाद भी मंगेतर ने नहीं छोड़ा साथ; मंदिर में रचाई शादी

युवती के साथ हुआ गैंगरेप, घटना के बाद भी मंगेतर ने नहीं छोड़ा साथ; मंदिर में रचाई शादी

मंगेतर ने घृणित घटना के बाद युवती का साथ नहीं छोड़ा। उसे सम्मानपूर्वक अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार कर मंदिर में भगवान शिव को साक्षी मानकर शादी रचाई।

Gang rape victim marriage- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सिद्धपीठ तांबेश्वर मंदिर में विवाह हुआ संपन्न

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने समाज को स्त्री सम्मान और रिश्तों की पवित्रता को देखने का एक नजरिया दिया है। खागा कोतवाली क्षेत्र की चर्चित गैंगरेप कांड की पीड़िता के साथ उसके मंगेतर ने सिद्धपीठ तांबेश्वर मंदिर में सात फेरे लेकर उसे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया है।

क्या था मामला?

बीती 24 अप्रैल को खागा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी थी। पीड़िता अपनी बुआ के घर जा रही थी, तभी रास्ते में तीन दरिंदों ने उसे बंधक बनाकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

मंगेतर ने निभाया वादा

अक्सर देखा जाता है कि ऐसी घटनाओं के बाद शादियां टूट जाती हैं और पीड़िता को अकेला छोड़ दिया जाता है, लेकिन यहां कहानी बिल्कुल अलग है। पीड़िता के मंगेतर ने घटना के बाद उसका साथ नहीं छोड़ा, बल्कि उसे और अधिक सम्मान देने का फैसला किया।

शहर के तांबेश्वर मंदिर में भगवान शिव को साक्षी मानकर दोनों ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई और साथ निभाने की कसम खाई। इस शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।

परिजनों ने जताई खुशी

शादी के बाद नवदम्पति ने कैमरे के सामने कुछ भी कहने से परहेज किया, लेकिन उनके चेहरे की खुशी सबकुछ बयां कर रही थी। उनके परिवारवाले काफी खुश हैं। परिवार वाले का कहना है कि जो हुआ उसे याद नहीं करना चाहते। उनका बेटा और बहू दोनों साथ खुश हैं। दोनों ने शादी रचा ली है।

(रिपोर्ट- उमेश चंद्रा)

ये भी पढ़ें-

खेलने के दौरान बच्चे पर गिरा भारी लोहे का गेट, मौत के मुंह में समाया; CCTV में कैद

बांस के पेड़ पर 'लाल पोटली' में टंगा मिला बच्चे का नरकंकाल, कुछ समय पहले हुई थी मौत!