1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में महिला का भेष बनाकर चोरी करता था गैंग, पुलिस ने किया गिरफ्तार

यूपी में महिला का भेष बनाकर चोरी करता था गैंग, पुलिस ने किया गिरफ्तार

गोरखपुर में हो रही चोरियों का खुलासा पु​लिस ने कर दिया है। पता चला है कि आरोपी महिला का भेष बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे, ताकि कोई उन पर शक ना करे।

Gorakhpur police exposed theft incidents- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT गोरखपुर पुलिस ने किया चोरी घटनाओं का पर्दाफाश

यूपी के गोरखपुर के कोतवाली क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को पुलिस ने चुनौती के रूप में लेते हुए बड़ा खुलासा किया है। सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए महिला का भेष धारण कर चोरी करने वाले गैंग के दो और सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पहले ही इस गैंग के एक सदस्य को जेल भेज चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और चांदी के सिक्के बरामद किए गए हैं। इसे पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

किसी को शक ना हो, इसलिए आरोपी बना लेते थे महिला का भेष

पिछले काफी वक्त से यूपी के गोरखपुर में चोरी की कई घटनाओं से पूरे इलाके में सनसनी का सा माहौल बना हुआ था। पुलिस के भी माथे पर चिंता की लकीरें थीं। हालांकि अब पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया है। मामले का खुलासा करते हुए गोरखपुर के एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए आरोपी महिला का भेष धारण करते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। साथ ही खुद को सीसीटीवी कैमरों की पहचान से भी बचाने के लिए चोर इस तरकीब को अपना रहे थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान उर्फ रियासत और राशिद खान के रूप में की है।

आरोपी ई-रिक्शा चालक, एक मैंबर पहले ही पकड़ा जा चुका है

पुलिस के अनुसार राशिद खान ई-रिक्शा चालक है, जो गैंग के सदस्यों को वारदात स्थल तक पहुंचाने और वापस लाने का काम करता था। पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि महिला का भेष धारण कर चोरी करने का आइडिया गैंग के सदस्य अरबाज ने दिया था। वह घर की महिलाओं के कपड़े पहनकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस पहले ही अरबाज को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

आरोपियों से पास से मिला काफी सामान

गिरफ्तार आरोपियों के पास से 22 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और नौ चांदी के सिक्के बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

गोरखपुर से राज श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

लखनऊ के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में STF की बड़ी कार्रवाई, 1 लाख का इनामी आरोपी गिरफ्तार

अस्पताल में भर्ती 3 साल की मासूम को कुत्तों ने नोंच खाया! मां के सामने झपटा, चीखते रहे परिजन, गार्ड-स्टाफ गायब