A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 4 साल की बच्ची को रोता देख सौतेली मां को आया गुस्सा, गला दबाकर मार डाला, बाद में किया चौंकाने वाला खुलासा

4 साल की बच्ची को रोता देख सौतेली मां को आया गुस्सा, गला दबाकर मार डाला, बाद में किया चौंकाने वाला खुलासा

सौतेली मां द्वारा मासूम की हत्या किए जाने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस की टीम ने आरोपी सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के सामने महिला ने अपना जुर्म कबूलते हुए हत्या की वजह भी बताई है।

सौतेली मां ने बच्ची की हत्या की- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सौतेली मां ने बच्ची की हत्या की

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना वेव सिटी पुलिस ने अपनी ही 4 साल की सौतेली बेटी की गला दबाकर हत्या करने वाली आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान 21 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई है। वह अलीगढ़ की रहने वाली है।

जब पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ निवासी अमित कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी महिला ज्योति ने उनके छोटे भाई नीतेश की पहली पत्नी से पैदा हुई 4 साल की बेटी वंशिका की गला दबाकर हत्या कर दी है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

महिला ने किया चौंकाने वाला खुलास

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी महिला ज्योति ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बेहद चौंकाने वाले खुलासा किया है। उसने बताया कि मृतका वंशिका उसके पति की पहली पत्नी की बेटी थी, जो उसे बिल्कुल पसंद नहीं थी। ज्योति की खुद की भी एक 2 महीने की नवजात बच्ची है। 

जब मासूम खाना खा रही थी, तब दबाया गला

उसने पुलिस को बताया कि वंशिका अक्सर रोती रहती थी और उसे परेशान करती थी, जिससे वह चिढ़ती थी। घटना के दिन भी जब वंशिका खाना खा रही थी, तो उसने रो-रोकर ज्योति को परेशान कर दिया। इसके बाद गुस्से में आकर ज्योति ने अपने ही हाथों से मासूम का गला घोंट दिया।

पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार

हत्या की इस खौफनाक वारदात के बाद पुलिस टीमों का गठन किया गया था। थाना वेव सिटी पुलिस ने एक सटीक मैन्युअल इनपुट के आधार पर चेकिंग के दौरान आरोपी महिला को गैस गोदाम नायफल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।

जुबेर अख्तर की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

जेल से पति की रिहाई के खातिर रेलवे के टावर पर चढ़ी पत्नी, जमकर काटा हंगामा, मौके पर पहुंची पुलिस-VIDEO

यूपी से गिरफ्तार हुआ शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या करने वाला शूटर, सामने आई हत्यारे की पहली तस्वीर