1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. साहिबाबाद थाने के सामने गणपति विसर्जन के दौरान बवाल, डीजे को लेकर भिड़े दो पक्ष

साहिबाबाद थाने के सामने गणपति विसर्जन के दौरान बवाल, डीजे को लेकर भिड़े दो पक्ष

गाजियाबाद के साहिबाबाद थाने के सामने गणपति विसर्जन के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।

Sahibabad- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT साहिबाबाद थाने के सामने गणपति विसर्जन के दौरान बवाल

गाजियाबाद के साहिबाबाद में गणपति विसर्जन के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब डीजे बजाने को लेकर पहले से चल रहा विवाद आमने-सामने की भिड़ंत में बदल गया। साहिबाबाद थाने के ठीक सामने दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े और सड़क पर जमकर मारपीट हुई। इस दौरान कई लोगों को चोट लगने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते नजर आ रहे हैं।

डीजे बजाने को लेकर हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि सड़क के दोनों ओर की कॉलोनियों में गणपति उत्सव के लिए अलग-अलग पंडाल लगाए गए थे। गणपति स्थापना के दौरान ही दोनों पक्षों के बीच डीजे बजाने को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि, उस समय मामला किसी तरह शांत हो गया था।

रविवार को दोनों पक्ष अपने-अपने पंडाल से गणपति प्रतिमा लेकर विसर्जन के लिए निकले थे। इसी दौरान साहिबाबाद थाने के सामने दोनों की आमना-सामना हो गया। पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई और कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए। मारपीट के दौरान एक पक्ष के कुछ लोग कमजोर पड़ते नजर आए और वहां से भागने लगे। आरोप है कि दूसरे पक्ष के कुछ युवकों ने जीटी रोड पर उनका पीछा किया और कुछ लोगों को पकड़ लिया। इसके बाद सड़क पर ही उनके साथ दोबारा मारपीट की गई। घटना के चलते कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिसकर्मियों पर उठ रहे सवाल

घटना के दौरान साहिबाबाद थाने के सामने मौजूद पुलिसकर्मियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं, जबकि दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती रही। हालांकि, पुलिस की ओर से मामले को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसा बताया जा रहा है कि मारपीट में कई लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे।

(रिपोर्ट: जुबैर अख्तर)

यह भी पढ़ें:

यूपी चुनाव से पहले मंत्री संजय निषाद ने बीजेपी के सामने रख दी बड़ी मांग, रैली में ''आरक्षण चाहिए'' के लगवाए नारे''

'मायावती ने मुझे बेइज्जत करके बसपा से निकाला था', सपा महासचिव इंद्रजीत सरोज का गंभीर आरोप