उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक और रिहायशी शहरों में शुमार गाजियाबाद को एक नई सांस्कृतिक पहचान देने की कवायद तेज हो गई है। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा शहर के मुख्य प्रवेश मार्ग पर बनाए जा रहे भव्य श्री राम सेतु द्वार' का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। हाल ही में क्रेन और अत्याधुनिक मशीनों की सहायता से इस द्वार के शीर्ष पर एक विशाल सुनहरे 'धनुष-बाण' की स्थापना की गई है, जो दूर से ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।
राम सेतु मार्ग के नाम से जाना जाएगा हिंडन एलिवेटेड रोड
नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक के अनुसार, गाजियाबाद के हिंडन एलिवेटेड रोड को अब राम सेतु मार्ग के नाम से जाना जाएगा। विक्रमादित्य मलिक ने कहा कि लगभग एक सवा-एक साल पहले हमारे माननीय सदन की बोर्ड बैठक में नगर निगम ने ये डिसाइड किया था कि हिंडन एलिवेटेड रोड का नामकरण 'श्री राम सेतु' किया जाए। तो वो किया गया। उसी के क्रम में आपने देखा होगा एक बहुत भव्य द्वार जो है, वो नगर निगम वहां निर्माण कर रहा है और अपनी पूरी एन्शिएंट (प्राचीन) और हिस्ट्री को देखते हुए उसी हिसाब से वो डिजाइन किया गया है, उसी हिसाब से वहां पर निर्माण चल रहा है। लगभग दो हफ्ते में वो निर्माण खत्म हो जाएगा। इस भव्य द्वार की लागत लगभग 1 करोड़ के आसपास है।
खूबसूरती और नक्काशी बनी आकर्षण का केंद्र।
नगर निगम के इस प्रोजेक्ट के तहत बनाए जा रहे प्रवेश द्वार को बेहद पारंपरिक और भव्य रूप दिया गया है। द्वार के दोनों तरफ के पिलरों (खंभों) पर बेहतरीन नक्काशी की गई है, जो भारतीय वास्तुकला की झलक पेश करती है। इसके ऊपर श्री राम सेतु' और गाजियाबाद नगर निगम' साफ अक्षरों में अंकित किया गया है। सबसे ऊपरी हिस्से पर लगाया गया स्वर्ण रंग का धनुष-बाण इस पूरे ढांचे को एक बेहद आकर्षक और दिव्य लुक दे रहा है।
यहां देखें वीडियो
युद्धस्तर पर चल रहा है काम
मौके पर मौजूद कारीगर और इंजीनियर्स दिन-रात काम करके इस प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द पूरा करने में जुटे हैं। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए लोहे के मचान (Scaffolding) और बड़ी हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से ऊंचाई पर बारीक काम किया जा रहा है। इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीर और स्थानीय लोग रुक-रुक कर इस अद्भुत नजारे को देख रहे हैं और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी काफी साझा की जा रही हैं। स्ट्रक्चर का मुख्य काम पूरा हो चुका है, फिनिशिंग और लाइटिंग का काम अंतिम दौर में है।
इससे पहले अभी हाल में ही राजनगर एक्सटेंशन एलिवेटेड रोड पर नई स्लिप रोड और रैंप बनाने का फैसला हुआ था। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए टेंडर की प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है।
रिपोर्टः जुबैर अख्तर, गाजियाबाद
ये भी पढ़ेंः गाजियाबाद में बेटे की शराब की लत और जमीनी विवाद ने ली पिता की जान, अपने ही पुत्र ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उतारा मौत के घाट
गाजियाबाद की सोसाइटी में लिफ्ट बनी अखाड़ा, AOA विवाद में दो निवासी भिड़े, CCTV वीडियो वायरल