1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद में बेटे की शराब की लत और जमीनी विवाद ने ली पिता की जान, अपने ही पुत्र ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उतारा मौत के घाट

गाजियाबाद में बेटे की शराब की लत और जमीनी विवाद ने ली पिता की जान, अपने ही पुत्र ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उतारा मौत के घाट

 Written By: Vinay Trivedi @JournoVinay
 Published : Jul 16, 2026 08:01 am IST,  Updated : Jul 16, 2026 08:01 am IST

मोदीनगर में शराब पीने पर डांटने पर बेटे ने अपने पिता पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। पिता और पुत्र के बीच प्रॉपर्टी को लेकर भी विवाद बताया जा रहा था।

Ghaziabad father murder case- India TV Hindi
गाजियाबाद में जमीनी विवाद और बेटे की शराब की लत ने ली पिता की जान। Image Source : REPORTERS INPUT

यूपी के गाजियाबाद में मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बुधवार देर रात करीब 12 बजे एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी और एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

150 करोड़ की प्रॉपर्टी को लेकर बेटे से था विवाद

मृतक की पहचान 52 साल के हरिओम चौधरी के रूप में हुई है, जो क्षेत्र के एक बेहद संपन्न किसान थे। उनके पास करीब 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड पर जीवन अस्पताल के सामने एक बड़ी मार्केट है, जिसकी कुल कीमत लगभग 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हरिओम के परिवार में उनकी पत्नी अनीता, बड़ा बेटा निखिल नेहरा और छोटा बेटा नीशू है।

बेटे के प्रॉपर्टी बेचने का पिता को था डर

एसीपी भास्कर वर्मा के मुताबिक, बड़ा बेटा निखिल अत्यधिक शराब पीने का आदी है, जिसे लेकर अक्सर घर में विवाद होता था। पिता ने निखिल को मार्केट में दुकानें और 25 बीघा जमीन पहले ही दे रखी थी, लेकिन निखिल उस जमीन को पूरी तरह अपने नाम करवाने की जिद पर अड़ा था। हरिओम को डर था कि शराब और गलत आदतों के चलते निखिल इस संपत्ति को भी बेच देगा, इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर अनबन रहती थी।

शराबी बेटे को पिता ने डांटा तो चला दीं गोलियां

बुधवार रात हरिओम ने अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ खाना खाया। उस समय निखिल घर पर नहीं था। देर रात जब निखिल नशे की हालत में घर लौटा, तो पिता ने उसे डांट दिया। इसी बात पर गुस्से में आकर निखिल ने पिस्टल निकाल ली। मां और छोटे भाई ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हाथापाई के दौरान निखिल ने पिता पर गोलियां चला दीं।

चेहरे, छाती और प्राइवेट पार्ट पर लगीं बुलेट्स

पहली गोली हरिओम के चेहरे पर लगी, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपी ने रहम नहीं खाया और उनके चेहरे, छाती व प्राइवेट पार्ट के पास ताबड़तोड़ 4 से 6 गोलियां दाग दीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

8 साल पहले छोटे भाई पर भी चला चुका है गोली

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी निखिल का आपराधिक और हिंसक इतिहास रहा है। साल 2018 में भी उसने अपने छोटे भाई नीशू पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की थी, जिसमें नीशू को एक गोली लगी थी। पुलिस इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि घटना से ठीक पहले निखिल ने मोदीनगर में किन दोस्तों के साथ शराब पार्टी की थी और हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल किसकी थी।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी निखिल की धर-पकड़ के लिए पुलिस की 4 टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ऐसा ही एक मामला हापुड़ से भी सामने आया था, जिसमें बेटे ने जमीन के टुकड़े को लेकर विवाद में पिता पर गोलियां बरसाकर उनकी जान ले ली थी

(इनपुट- जुबैर अख्तर)

ये भी पढ़ें- शराबी पति ने पत्नी और बेटे का गला काटा, फिर डेड बॉडी के पास बैठकर लगा रोने; भीड़ जुटी तो हुआ फरार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।