गाजियाबाद की एक सोसाइटी में मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। हैरानी की बात यह रही कि यह पूरा घटनाक्रम सोसाइटी की लिफ्ट के भीतर हुआ, जहां दो निवासी आपस में भिड़ गए। लिफ्ट में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई यह घटना अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
मामला क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र स्थित GH-7 सोसाइटी का है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष इसी सोसाइटी के निवासी हैं और उनके बीच अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) से जुड़े किसी मुद्दे को लेकर पहले से मतभेद चल रहा था। इसी विवाद ने लिफ्ट के अंदर अचानक उग्र रूप ले लिया।
लिफ्ट में 2 लोगों के बीच मारपीट
वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि दोनों निवासी एक साथ लिफ्ट में सवार होते हैं। शुरुआत में दोनों के बीच किसी मुद्दे पर बातचीत होती है, लेकिन कुछ ही क्षणों में माहौल तनावपूर्ण हो जाता है। बहस बढ़ने के बाद कॉलर वाली टी-शर्ट पहने व्यक्ति अचानक अपना आपा खो देता है और सामने खड़े राउंड नेक टी-शर्ट पहने व्यक्ति के साथ मारपीट शुरू कर देता है। लिफ्ट जैसी सीमित जगह में हुई इस झड़प से वहां मौजूद लोग भी सकते में आ गए।
घटना का पूरा वीडियो लिफ्ट में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। बाद में यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने भी सोसाइटी में इस तरह की हिंसा को लेकर चिंता जताई है। 4 मिनट 39 सेकेंड के इस वायरल वीडियो में एक व्यक्ति को दूसरे शख्स के चेहरे पर लगातार मुक्के मारते देखा जा सकता है।
पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया
सूचना मिलने पर क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद की असली वजह क्या थी और मारपीट की नौबत क्यों आई।
(रिपोर्ट : जुबैर अख्तर)
यह भी पढ़ें:
हापुड़ में बीच सड़क खौफनाक वारदात, बहस होने पर युवक को कार के बोनट पर घसीटा, वारदात CCTV में हुआ कैद
झांसी में कार में पट्रोल भरवाकर रफूचक्कर हुए युवक, पैसे मांग तो तेजी से भगाई कार; CCTV में रिकॉर्ड हुई करतूत