यूपी के झांसी में शनिवार को बीती रात कार सवार 1950 रुपये का पेट्रोल भरवा कर भाग गए। कर्मचारी पीछे भागे लेकिन तब तक वह रफूचक्कर हो गए। ये पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पेट्रोल पंप मालिक ने बताया कि पहले भी एक थार वाला 3 हजार 500 रुपये का डीजल भरवा कर भाग गया था।
पट्रोल टैंक का कैप बंद होती ही भगाई गाड़ी
बता दें कि ये मामला झांसी के कानपुर हाईवे के राधे-राधे फिलिंग स्टेशन का है। जहां 4 जुलाई की रात लगभग 9 बजे एक बिना नंबर की कार आई और पेट्रोल भरने को कहा। सेल्समेन ने रुपये मांगे तो कार सवार युवकों ने कहा, दे रहे हैं। इस बीच, 1950 रुपये का पेट्रोल भर गया। जब फिर रुपये मांगे तो एक युवक जेब से रुपये निकालने लगा। तब तक दूसरे सेल्समेन ने पेट्रोल टैंक का कैप बंद कर दिया। फिर कैप लगते ही युवक तेज रफ्तार में कार भगाकर निकल गए। कर्मचारियों ने कार को रोकने की कोशिश की, पीछा करते हुए चिल्लाए लेकिन कार पलभर में ओझल हो गई।
पेट्रोल पंप मालिक ने दर्ज कराई शिकायत
पेट्रोल पंप मालिक अभिनव यादव ने इसकी शिकायत बड़ागांव थाना पुलिस से करते हुए कार्रवाई की मांग की है। अभिनव यादव ने कहा कि कल करीब 9 बजकर 3 मिनट के आस-पास एक ब्लैक कार आई। जिसने हमारे सेल्समैन से बोला कि उसे 1950 का पेट्रोल चाहिए। तो हमारे सेल्समैन ने अपनी मशीन में फीड करके तेल गाड़ी में डालना स्टार्ट कर दिया।
पैसे मांगने पर युवकों ने तेजी से भगाई कार
अभिनव यादव ने आगे बताया कि तो जैसे ही गाड़ी में 1950 का तेल हो गया, तो हमारे सेल्समैन ने उससे पेमेंट के लिए बोला। तो उसने बोला पेमेंट दे रहे हैं, आप पहले ढक्कन लगा दो। फिर सेल्समैन ने जैसे ही टंकी का ढक्कन लगाया और वो पैसे मांगने के लिए करीब गया, तो उन्होंने तेज रफ्तार में गाड़ी भगाई और बिना पैसे दिए निकल गए। गाड़ी में तीन लोग थे, दो आगे बैठे थे, एक पीछे बैठा था। गाड़ी में काले कलर की फिल्म चढ़ी थी। मैं चाहता हूं कि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
(इनपुट- आकाश राठौर)
ये भी पढ़ें- लखनऊ में रॉन्ग साइड से आ रही कार रोकने पर होमगार्ड से बदसलूकी, युवक ने धक्का देकर जमीन पर गिराया; VIDEO वायरल