1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पूजा करने पर बाबा कहकर चिढ़ाते थे दोस्त, गुस्साए 'मंत्री' ने दरांती से काट डाला, गन्ने के खेत में छिपाया शव

पूजा करने पर बाबा कहकर चिढ़ाते थे दोस्त, गुस्साए 'मंत्री' ने दरांती से काट डाला, गन्ने के खेत में छिपाया शव

आरोपी ने बताया कि पूजा-पाठ करने पर दोस्त उसे बाबा कहकर चिढ़ाते थे। वह इससे परेशान था। मना करने पर भी जब नमित नहीं माना तो आरोपी ने उसकी हत्या कर शव गन्ने के खेत में छिपा दिया।

Ghaziabad Murder- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आरोपी निरांचल (बाएं), मृतक तरुण (दाएं)

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक युवक ने अपने दोस्त को सिर्फ इस वजह से मार दिया, क्योंकि वह उसे बाबा कहकर चिढ़ाता था। आरोपी की पहचान निरांचल उर्फ मंत्री के रूप में हुई है। उसकी उम्र 23 वर्ष है। वहीं, मृतक की पहचान 21 वर्षीय तरुण के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल हुई दरांती और मृतक युवक का मोबाइल फोन भी बरामद किया   है। 

निवाड़ी पुलिस के अनुसार पूठरी गांव का रहने वाला तरुण रविवार से लापता था। सोमवार सुबह उसका शव एक गन्ने के खेत में मिला, उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी। मृतक के पिता निर्दोष कुमार ने पुलिस को तहरीर दी थी कि उनके बेटे तरुण की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे दबोच लिया।

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

गिरफ्तार आरोपी निरांचल उर्फ मंत्री ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह पूजा-पाठ में काफी रुचि रखता है, जिसके कारण तरुण और उसके साथी उसे अक्सर 'बाबा-बाबा' कहकर चिढ़ाते और परेशान करते थे। घटना के दिन तरुण उसे जंगल के रास्ते में अकेला मिल गया। जब निरांचल ने इस बात का विरोध किया तो तरुण फिर से उसे परेशान करने लगा। गुस्से में आकर निरांचल ने पास रखी दरांती से तरुण की गर्दन पर वार कर दिया। इसके बाद वह उसे घसीटकर ईख के खेत में ले गया, जहां दरांती से गोदकर उसकी हत्या कर दी और शव को प्लास्टिक की बोरी से छिपा दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी का पहले से भी एक मारपीट का आपराधिक इतिहास रहा है और अब उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बकरीद के दिन भी हुई थी हत्या

गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में एक युवक ने अपने दोस्त की हत्या कर दी थी। बकरीद के दिन युवक ने दोस्त को बुलाया था और चाकू से गोदकर उसे मौत के घाट उतार दिया था। बाद में इस मामले में सांप्रदायिक रंग ले लिया था, लेकिन प्रशासन की सख्ती और सतर्कता के कारण कानून व्यवस्था बनी रही। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की।

(गाजियाबाद से जुबैर अख्तर की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

हापुड़ में बीच सड़क खौफनाक वारदात, बहस होने पर युवक को कार के बोनट पर घसीटा, वारदात CCTV में हुआ कैद

बदायूं में शादी की खुशियां मातम में बदली, बिजली के तार से एक की मौत, पांच झुलसे