उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद साहिबाबाद थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर में जन्मदिन पार्टी के दौरान जमकर गुंडागर्दी की गई। Cafe TMF में अपने भतीजे का जन्मदिन मना रहे कैफे मालिक के परिवार और स्टाफ पर पास के ही एक क्लब के कर्मचारियों, बाउंसरों और मालिकों ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस को दी गई शिकायत में महिलाओं के कपड़े फाड़ने, बच्चों से अश्लील हरकत करने और कैफे में भारी तोड़फोड़ करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप
पीड़िता नितिका चौहान के अनुसार, घटना राजेंद्र नगर स्थित कैफे की है। पार्टी में उनकी 12 साल की बेटी, भतीजे (16 और 6 साल), बहनें, मां और कैफे का स्टाफ मौजूद था। इसी दौरान पास के 'अबाउट ड्रिंक' क्लब का एक वेटर खाना ऑर्डर करने कैफे आया। आरोप है कि उसने महिलाओं को देखकर कैफे स्टाफ से अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा, "लड़कियां अच्छी लग रही हैं, मुझे उनसे मिलवाओ।" कैफे स्टाफ अभय द्वारा यह कहने पर कि यह मालिक का परिवार है, वेटर ने अहंकार में कहा, "हमारे क्लब में इससे भी अच्छी लड़कियां आती हैं, सब पैसे का खेल है।" इसके बाद स्टाफ और एक हेल्पर ने उस वेटर को कैफे से बाहर निकाल दिया, जिस पर वह धमकी देते हुए चला गया।
कैफे में बाउंसरों समेत कई लोग पहुंचे
आरोप है कि कुछ ही देर बाद क्लब के बाउंसर- अंकित, रविंदर, देव, और अनुज अपने मालिक और साथियों (अमित शर्मा, हिमांशु, मोहित, सत्यम पंडित, निखिल डागर व अन्य अज्ञात) के साथ कैफे में आ धमके। आते ही उन्होंने कैफे वर्कर अभय और पीड़िता के पति जतिन की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। हमलावरों ने उनका गला दबाकर मारने की कोशिश की, जिससे उनके मुंह और आंख पर गंभीर चोटें आईं। इतना ही नहीं, आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं के साथ बदतमीजी की, उनके कपड़े फाड़े, बच्चों को गलत तरीके से छुआ और कैफे में तोड़फोड़ की।
112 पर कॉल के बाद पुलिस मौके पर पहुंची
घटना के दौरान पीड़िता ने 112 नंबर पर कॉल किया, जिसके बाद पुलिस सभी को राजेंद्र नगर पुलिस चौकी ले गई। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस चौकी पर उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई और पुलिस ने उनकी बातों पर कोई ध्यान नहीं दिया। निराश होकर जब पीड़िता वापस कैफे लौटी, तो कुछ देर बाद अमित शर्मा, सत्यम पंडित और एक अन्य व्यक्ति फिर से वहां पहुंचे। उन्होंने डींगें हांकते हुए कहा कि पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती, क्योंकि "पुलिस वाले उन्हीं के दिए पैसों पर पलते हैं।" आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी कि अगर वे वहां रुके तो उन्हें पीट-पीटकर मार डालेंगे।
परिवार ने दोबारा मांगी पुलिस सुरक्षा
दहशत में आए परिवार ने दोबारा 112 नंबर पर फोन कर पुलिस से सुरक्षा मांगी। पीड़िता नितिका चौहान ने थाना प्रभारी से गुहार लगाई है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने अपनी डरी-सहमी 12 वर्षीय बेटी के लिए न्याय और पूरे परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है। पीड़िता ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनके पास इस पूरी घटना से संबंधित वीडियो और अन्य साक्ष्य उपलब्ध हैं, जो वे पुलिस को सौंपने के लिए तैयार हैं। शनिवार 26 सितंबर को हुई इस घटना में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मंगलवार शाम मुकदमा दर्ज कर लिया है।
(रिपोर्ट- जुबैर अख्तर)
ये भी पढ़ें-
जम्मू-कश्मीर के कठुआ से बड़ी खबर, फायरिंग की घटना में CISF के 4 जवानों की मौत
बंगाल में स्कूली बच्चों के हाथ से छिनेगा मोबाइल? अब पढ़ाई के लिए मिल सकता है टैबलेट