1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बंगाल में स्कूली बच्चों के हाथ से छिनेगा मोबाइल? अब पढ़ाई के लिए मिल सकता है टैबलेट

बंगाल में स्कूली बच्चों के हाथ से छिनेगा मोबाइल? अब पढ़ाई के लिए मिल सकता है टैबलेट

 Written By: Malaika Imam
 Published : Sep 29, 2026 05:31 pm IST,  Updated : Sep 29, 2026 05:38 pm IST

बंगाल में स्कूली छात्रों को मोबाइल खरीदने के लिए मिलने वाली आर्थिक मदद को बंद किया जा सकता है। शुभेंदु सरकार मोबाइल की जगह छात्रों को पढ़ाई के लिए टैबलेट देने पर विचार कर सकती है।

Bengal CM Suvendu Adhikari- India TV Hindi
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी Image Source : PTI

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्कूली छात्रों को मोबाइल फोन खरीदने के लिए मिलने वाली आर्थिक मदद को बंद करने के संकेत दिए हैं। इसकी जगह छात्रों को पढ़ाई के काम आने वाले टैबलेट देने पर सरकार विचार कर सकती है।

हावड़ा के ब्यान्त्रा में मंगलवार को साइकिल वितरण योजना 'सारथी' की शुरुआत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल जाने वाले छात्रों का मोबाइल फोन का ज्यादा इस्तेमाल चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा है और सरकार इस मामले को गंभीरता से देख रही है।

10 हजार रुपये की मदद की जगह टैबलेट

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पिछली सरकार कक्षा 11 के छात्रों को मोबाइल फोन खरीदने के लिए 10 हजार रुपये देती थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने राज्य के शिक्षा सचिव से इस योजना पर दोबारा विचार करने को कहा है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सरकार ज्यादा पैसा भी दे सकती है, लेकिन मोबाइल फोन की जगह छात्रों को पढ़ाई के लिए इस्तेमाल होने वाले टैबलेट दिए जा सकते हैं।

पहले भी मोबाइल फोन को लेकर जताई थी चिंता

मुख्यमंत्री ने 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के कार्यक्रम में भी छात्रों के मोबाइल इस्तेमाल का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि मोबाइल फोन का छात्रों पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि इस तरह का फैसला लेना मुश्किल हो सकता है और इससे उन्हें वोटों का नुकसान भी हो सकता है।

गुजरात का दिया उदाहरण

शुभेंदु अधिकारी ने गुजरात का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कक्षा 12 तक के छात्रों के लिए मोबाइल फोन पर रोक है। उन्होंने कहा कि कई छात्र रात में भी मोबाइल देखते रहते हैं, यहां तक कि माता-पिता के सो जाने के बाद भी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर सुधार नहीं किया गया, तो आने वाली पीढ़ी को सही दिशा में तैयार करना मुश्किल होगा।

'सारथी' योजना की शुरुआत

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों को साइकिल देने के लिए 'सारथी' योजना की शुरुआत की। यह योजना पिछली टीएमसी सरकार की 'सबुज साथी' योजना की जगह लाई गई है। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन और उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय भी मौजूद रहे।

(इनपुट- PTI)

ये भी पढ़ें-

‘JCB आ गई है, पहुंचो...’ उज्जैन में बवाल से पहले साजिद-इमरान ने क्या किया? सामने आया वीडियो

माओवादी डंप से मिले 20 लाख कहां गए? दो DSP पर बंटवारे का आरोप, गश्त पर अकेले निकलते थे दोनों

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।