गाजियाबाद में रविवार को एलएलबी छात्रा से रेप का आरोपी 8 महीने बाद जमानत पर जेल से बाहर आया। डासना जेल से निकलते ही समर्थकों ने उस पर फूल बरसाए। उसे कंध पर बैठाकर जेल परिसर से सड़क तक ले गए। फिर गाड़ियों का काफिला निकालकर जुलूस निकाला गया। समर्थकों ने इसका वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है। आरोपी हिंदू युवा वाहिनी का नगर अध्यक्ष रह चुका है।
जान से मारने की भी दी धमकी
8 अगस्त 2025 की रात 11 बजे एलएलबी की छात्रा ने मुरादनगर थाने में मामला दर्ज कराया था। उसने कहा, 'सुशील प्रजापति ने मेरे साथ रेप किया। इसके बाद किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।'
आरोपी पर रखा गया था 25 हजार का इनाम
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। 20 अगस्त 2025 को उसे गिरफतार कर जेल भेजा गया। 17 मई को सुशील प्रजापति जेल से बाहर आया।
जानिए इस मामले में क्या बोली पुलिस
पुलिस के मुताबिक, नवंबर 2021 में गाजियाबाद निवासी सुशील प्रजापति की मुलाकात LLB की एक छात्रा से हुई थी। इसके बाद सुशील उसे लगातार फोन कर हालचाल लेने लगा। छात्रा ने उससे बताया कि वह लॉ की पढ़ाई के साथ मेरठ कोर्ट में एक सीनियर वकील के पास प्रैक्टिस भी करती है।
इस पर सुशील ने उससे कहा कि वह गाजियाबाद कोर्ट में बैठना शुरू कर दे। उसने दावा किया कि उसके जानकार वहां सीनियर एडवोकेट हैं, जो उसे हर महीने पैसे भी दिलवा देंगे। साथ ही उसके जानने वाले लोग भी छात्रा के पास केस लेकर आएंगे।
छात्र को दिया झांसा
सुशील ने यह भी कहा कि गाजियाबाद, मोदीनगर के ज्यादा करीब है। इस पर छात्रा ने उससे गाजियाबाद कोर्ट में बैठने की व्यवस्था कराने को कहा था। 8 अगस्त 2025 की सुबह करीब 11 बजे सुशील ने छात्रा को फोन किया, बोला कि उसकी गाजियाबाद के एक सीनियर वकील से बात हो गई है। वह उसकी मूलाकात करा देगा। इसके बाद छात्रा मेरठ से बस के जरिए गाजियाबाद के मुरादनगर पहुंची। वहां सुशील पहले से थार गाड़ी लेकर खड़ा था। उसने कहा- जल्दी बैठो, वकील साहब इंतजार कर रहे हैं। अभी उनसे मिलना है।
रेप से पहले नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई
इसके बाद वह छात्रा को एक फ्लैट पर ले गया। वहां उसने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी और कहा कि वकील साहब आने वाले हैं। आरोप है कि कोल्ड डिंक पीते ही छात्रा को नींद आने लगी। इसी दौरान सुशील प्रजापति ने उसके साथ दुष्कर्म किया
रेप करने के बाद छात्रा को दी धमकी
घटना के बाद सुशील ने उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसकी हत्या करवा देगा। उसने कहा कि उसके बड़े-बड़े लोगों से संबंध हैं और वह हिंदू युवा वाहिनी संगठन से जुड़ा हुआ है। इसके बाद वह छात्रा को अपनी गाड़ी से सड़क पर छोड़कर चला गया और कहा कि यहां से चुपचाप मेरठ लौट जाओ।
मुरादनगर थाने में पीड़िता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
होश में आने के बाद छात्रा रात करीब 11 बजे मुरादनगर थाने पहुंची। सूचना मिलते ही उसके समर्थन में गोरक्षक दल और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी थाने पहंच गए। उन्होंने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर हंगामा किया। इसके बाद पूलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी सुशील को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। करीब 8 महीने तक डासना जेल में रहने के बाद वह रविवार को जमानत पर जेल से बाहर आया।
जुबेर अख्तर की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
फलता सीट से जहांगीर खान का नाम हटने पर आया TMC का बयान, कहा- 'ये उनका निजी फैसला, पार्टी का नहीं'
VIDEO: बीजेपी विधायक ने बिना हेलमेट पहन कर चलाई बुलेट, फिर पुलिस को फोन कर कहा- अब काटो मेरा चालान