1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने ली गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाके की जिम्मेदारी, X अकाउंट 'गाजी 2' ने किया दावा

तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने ली गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाके की जिम्मेदारी, X अकाउंट 'गाजी 2' ने किया दावा

गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में बीती रात जोरदार धमाका हुआ। इस ब्लास्ट में चौकी में कुछ सामान देने आया डिलीवरी बॉय घायल हो गया। तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने गाजियाबाद वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाके की जिम्मेदारी ली है।

गाजियाबाद की चौकी में...- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT गाजियाबाद की चौकी में धमाका हुआ है।

दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार देर रात जोरदार धमाका हुआ। इस धमाके से पुलिस चौकी की खिड़कियां टूटी गईं। गनीमत रही कि धमाके के वक्त ज्यादा पुलिसकर्मी चौकी में मौजूद नहीं थे। इस धमाके में एक डिलीवरी बॉय घायल हो गया है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। एडिशनल सीपी राज करण नायर, इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य और फॉरेंसिक टीम वसुंधरा पुलिस चौकी पहुंची और मौके का जायजा लिया। इस बीच, तहरीक-उल-मुजाहिदीन-ए-हिंदुस्तान ने गाजियाबाद वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाके की जिम्मेदारी ली है। इसको लेकर 'गाजी 2' नामक X अकाउंट से पोस्ट किया गया है।

तहरीक-ए-मुजाहिदीन-ए-हिंदुस्तान ने दी धमकी

तहरीक-ए-मुजाहिदीन-ए-हिंदुस्तान का दावा है कि गाजियाबाद में भगवा हुकूमत के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस को निशाना बनाया। संगठन ने कहा कि हमें अपने घर, मस्जिद, दीन और संस्कृति की रक्षा के लिए लड़ने का हक है। हम मौजूदा हुकूमत को नाजायज मानते हैं, आगे भी अपने हक के लिए लड़ाई जारी रखेंगे।

कांच के टुकड़े लगने से घायल हुआ डिलीवरी बॉय

वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर धमाकों की खबर पर इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य ने कहा, 'विस्फोट किस चीज से हुआ, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा। घटना के वक्त वहां वसुंधरा पुलिस चौकी के एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी बॉय मौजूद थे, जो कुछ सामान देने आया था। इस घटना में कांच के टुकड़े लगने से डिलीवरी बॉय घायल हो गया है।'

धमाके के बाद के वीडियो में दिखा फर्श पर बिखरा कांच

धमाके के बाद रिकॉर्ड किए पुलिस चौकी के अंदर के वीडियो में दिख रहा है कि कैसे धमाके में चौकी की खिड़की को नुकसान हुआ। फर्श पर कांच फैल गया। इसके अलावा, चौकी में रखे सामान को नुकसान पहुंचा। पुलिस का कहना है कि धमाके की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। हर एंगल से इस केस की जांच कर रहे हैं।

जब AC के सर्विस सेंटर में धमाके के बाद लगी थी आग

इससे पहले, इसी साल मई में गाजियाबाद में AC के सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गई थी। कई धमाकों के साथ कई एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसर फट गए थे। इस घटना में 1 शख्स की मौत भी हो गई थी। इस आग के कारण पूरी बिल्डिंग को भारी नुकसान हुआ था। इस दौरान 2 कार और लगभग 10 मोटरसाइकिलें भी जल गई थीं।

(इनपुट- जुबेर अख्तर)

ये भी पढ़ें- VIDEO: वाराणसी में जोरदार धमाका, जमींदोज हुआ तीन मंजिला मकान