1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: वाराणसी में जोरदार धमाका, जमींदोज हुआ तीन मंजिला मकान

VIDEO: वाराणसी में जोरदार धमाका, जमींदोज हुआ तीन मंजिला मकान

 Written By: Malaika Imam
 Published : Oct 15, 2026 06:27 pm IST,  Updated : Oct 15, 2026 06:56 pm IST

वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में पटाखा बनाने वाली अवैध फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया, जिससे तीन मंजिला मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया।

धमाके से ढहा मकान- India TV Hindi
धमाके से ढहा मकान Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश के वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में बड़ा धमाका हुआ है। इस धमाके में तीन मंजिला मकान जमींदोज हो गया। धमाका इतना भीषण था कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मकान में अवैध पटाखा फैक्ट्री थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस मकान में धमाका हुआ, वहां अवैध रूप से पटाखे बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरा तीन मंजिला मकान ढह गया और मलबे में तब्दील हो गया।

एनडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन

घटना के बाद मलबे में किसी के दबे होने की आशंका को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम ने तलाशी अभियान चलाया। इसके लिए एनडीआरएफ के विशेष प्रशिक्षित डॉग शनीफर को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि मलबे में किसी व्यक्ति के फंसे होने का पता लगाया जा सके। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार, डॉग की ओर से कोई संकेत नहीं मिला।

दो लोगों के घायल होने की सूचना, पुलिस कर रही जांच

घटना में दो लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों घायल खुद ही किसी निजी अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे। हालांकि, जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घटनास्थल पर कोई घायल व्यक्ति नहीं मिला। ऐसे में घायलों की पहचान, उनकी स्थिति और घटना से उनके संबंध में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है। फिलहाल, पुलिस और संबंधित टीमें पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं।

रावण के पुतले में पटाखे भरते समय धमाका

वहीं, यूपी के गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित लाजपत नगर में 5 अक्टूबर की सुबह दशहरा से पहले रावण का पुतला तैयार करते समय बड़ा हादसा हो गया। नगर निगम के सामुदायिक केंद्र के हॉल में पुतले के अंदर पटाखे और आतिशबाजी की सामग्री भरने के दौरान अचानक आग लगने से जोरदार धमाका हो गया, जिसकी चपेट में आकर पांच लोग झुलस गए। विस्फोट इतना तेज था कि हॉल की दो दीवारें क्षतिग्रस्त होकर गिर गईं। सभी घायलों को एमएमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल और तीन को जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया।

(रिपोर्ट- अश्वनी त्रिपाठी)

ये भी पढ़ें-

माफिया अतीक के कनेक्शन वाला कसारी-मसारी अब होगा 'श्रीकृष्णपुरी', CM योगी ने किया बड़ा ऐलान

दिवाली पर पटाखों को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट का बड़ा निर्देश, पूरे राज्य में सड़कों और सार्वजनिक जगहों पर पटाखे फोड़ने पर रोक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।