1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. माफिया अतीक के कनेक्शन वाला कसारी-मसारी अब होगा 'श्रीकृष्णपुरी', CM योगी ने किया बड़ा ऐलान

माफिया अतीक के कनेक्शन वाला कसारी-मसारी अब होगा 'श्रीकृष्णपुरी', CM योगी ने किया बड़ा ऐलान

 Reported By: Vishal Singh,  Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 15, 2026 06:04 pm IST,  Updated : Oct 15, 2026 06:22 pm IST

सीएम योगी ने प्रयागराज के कसारी-मसारी में आज आम लोगों के आवास के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया, जिस पर कभी माफिया अतीक अहमद का कब्जा हुआ करता था। साथ ही, सीएम योगी ने कसारी-मसारी को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित करने का भी ऐलान कर दिया।

सीएम योगी ने की...- India TV Hindi
सीएम योगी ने की कसारी-मसारी का नाम बदलने की घोषणा। Image Source : YOGI ADITYANATH/X

यूपी में प्रयागराज के कसारी-मसारी में माफिया अतीक अहमद और उसके गुर्गों से आजाद कराई गई जमीन पर 602 घरों के निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया। सीएम योगी ने कहा कि अतीक अहमद ने जिस कसारी-मसारी में ये जमीन कब्जा की हुई थी, उसका नाम अब से श्रीकृष्णपुरी होगा। इस इलाके को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित करेंगे। जानिए सीएम योगी ने और क्या-क्या कहा।

कसारी-मसारी अब से होगा श्रीकृष्णपुरी

कसारी-मसारी का नाम बदलने के ऐलान के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये विकास की प्रक्रिया का हिस्सा है। यहां जो आवास बनेंगे, जो टाउनशिप विकसित होगी वह सब इसी श्रीकृष्णपुरी का हिस्सा होगा, पूरा क्षेत्र नई आभा के साथ आगे बढ़ेगा। 15 बीघे लैंड पर माफिया अतीक अहमद और उसके गुंडों ने कब्जा कर अपना अस्तबल बनाया था। उसके नाजायज साम्राज्य को ध्वस्त कर इस लैंड को वापस लिया गया। अब यहां गरीबों के लिए आवास बनेगा।

माफिया और बदमाश लेकर आती है सपा

सीएम योगी बोले, 'सपा आती है तो माफिया और बदमाश लेकर आती है। भाजपा आती है तो विकास और बदलाव लेकर आती है। यही विकास है और यही बदलाव भी है। बिना भेदभाव के हर गरीब को, हर जाति के व्यक्ति को आवास की सुविधा का लाभ भी मिल रहा है। अब प्रयागराज में कोई माफियागिरी करने का दुस्साहस नहीं करेगा। अगर कोई कराएगा या करेगा तो फिर मिट्टी में मिलने की तैयारी भी कर लेगा।' इससे पहले, हाल में सीएम योगी ने कहा था कि सपा सरकार में सैफई सिंडिकेट के बाहर किसी को नौकरी नहीं मिलती थी।

सपा ने लोगों के सामने खड़ा किया पहचान का संकट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रीकृष्णपुरी में मार्केट बनेगा, पार्क की सुविधा होगी, स्पोर्ट्स और जिम की भी सुविधा होगी। लोगों के लिए वे सभी सुविधाएं यहां उपलब्ध करवाने का काम प्रयागराज विकास प्राधिकरण करेगा, जो उनकी आवश्यकताओं के लिए जरूरी होंगी। उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश की जो यह प्रगति है, यह प्रगति इसी सुरक्षा और सुशासन का परिणाम है। पहले यूपी के लोगों के सामने समाजवादी पार्टी ने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था। पहचान का संकट इस रूप में खड़ा कर दिया था कि उन लोगों को अपनी पहचान के लिए मोहताज होना पड़ता था। लेकिन आज मोहताज नहीं होना पड़ता है।

ये भी पढ़ें- 'ऐसे करते रहे तो जो कुछ भी बचा है, वह भी गंवाना पड़ेगा', कांग्रेस पर बरसे सीएम योगी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।