A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजीपुर में 50 यात्रियों से भरी बस 30 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में पलटी, 1 की मौत-24 घायल; जाम से बचने की कोशिश में हुआ हादसा

गाजीपुर में 50 यात्रियों से भरी बस 30 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में पलटी, 1 की मौत-24 घायल; जाम से बचने की कोशिश में हुआ हादसा

जाम से बचने के लिए ड्राइवर बस को बैक कर दूसरे रास्ते से निकालने की कोशिश कर रहा था। तभी बस का पिछला पहिया सड़क किनारे बने पानी भरे गहरे गड्ढे में चला गया और पूरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

ghazipur bus accident- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT 30 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में पलटी बस।

गाजीपुर के भांवरकोल थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। पखनपुरा ईदगाह के पास यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस करीब 30 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों से बाहर निकलने लगे।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक बस शाम 5 बजे गाजीपुर रौजा बस स्टैंड से बलिया जिले के भरौली के लिए निकली थी। भरौली के पास बिहार का बक्सर बॉर्डर पड़ता है। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाजीपुर-बलिया नेशनल हाईवे 31 पर भारी जाम लगा हुआ था। चालक बस को बैक कर दूसरे रास्ते से निकालने की कोशिश कर रहा था। तभी बस का पिछला पहिया सड़क किनारे बने पानी भरे गहरे गड्ढे में चला गया और पूरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

Image Source : reporter inputगाजीपुर-बलिया नेशनल हाईवे 31 पर करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

बस की खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। कई यात्रियों को बस की खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस पहुंचने से पहले ही राहत कार्य शुरू कर दिया था। इस हादसे में करीब दो दर्जन यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं एक यात्री की मौत की सूचना मिल रही है, जबकि पानी में डूबे एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है।

2 घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप

घटना के बाद गाजीपुर-बलिया नेशनल हाईवे 31 पर करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। मौके पर मोहम्मदाबाद एसडीएम डॉ. हर्षिता तिवारी, एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर, मोहम्मदाबाद और भांवरकोल थाने की पुलिस टीम मौजूद रही। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे हादसे की जांच में जुटी है।

(रिपोर्ट- शशिकांत तिवारी)

यह भी पढ़ें-

स्कूटी से घर लौट रही वकील शिवानी को कार ने उड़ाया, हुई मौत, परिवार की एकमात्र सहारा थीं; पिता पहले ही कोमा में