1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा से जुड़ी बड़ी खबर, 6 साल की मासूम की रेप के बाद हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया

ग्रेटर नोएडा से जुड़ी बड़ी खबर, 6 साल की मासूम की रेप के बाद हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया

ग्रेटर नोएडा में 6 साल की मासूम की हत्या के आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। आरोपी की पहचान बलराज उर्फ बल्ला के रूप में हुई है।

Greater Noida- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बलराज उर्फ बल्ला

ग्रेटर नोएडा: यूपी के ग्रेटर नोएडा से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक 6 साल की मासूम की रेप के बाद हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। मृत आरोपी की पहचान बलराज उर्फ बल्ला के रूप में हुई है। मृत आरोपी तिलपता का रहने वाला था।

क्या है पूरा मामला?

ग्रेटर नोएडा में 6 साल की मासूम की हत्या के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हुई। ये मुठभेड़ इकोटेक-3 के टिड्डी पार्क में हुई। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में आरोपी घायल हुआ था। 

दरअसल 28 अगस्त को 6 साल की मासूम की हत्या से इलाके में हड़कंप मचा था। CCTV में आरोपी बच्ची को ले जाते और बोरे में शव ले जाते दिखा था। मामले में रेप के बाद हत्या का भी आरोप था।

मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी को पुलिस और जनता के द्वारा पकड़ा गया था। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी थी, इस मुठभेड़ में एक सिपाही रवि यादव घायल है।

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, "आज 29 अगस्त को थाना ईकोटेक-3 पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रांतर्गत हुयी बच्ची की हत्या की घटना के आरोपी अभियुक्त बलराज पुत्र खेमचंद निवासी ग्राम तिलपता, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर वर्तमान निवासी ग्राम हल्द्वानी, थाना इकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर को सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य स्त्रोतों के माध्यम से गिरफ्तार करने के पश्चात उससे पूछताछ की गयी तो अभियुक्त द्वारा घटना में प्रयुक्त चाकू को डी पार्क चौकी के पास ग्रीन बेल्ट में छिपाना बताया गया।"

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल ने बताया, "चाकू की बरामदगी हेतु पुलिस टीम, अभियुक्त के साथ उसके द्वारा बताये गये स्थान पर पहुंचे तो अभियुक्त बलराज द्वारा गाड़ी से उतरकर कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों से चाकू निकालकर बरामद कराया गया। इसी दौरान अभियुक्त बलराज द्वारा मौका पाकर अचानक से तेजी के साथ झुककर झाड़ियों में पूर्व से छिपाये गये 1 पिस्टल .32 बोर को उठाकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर किया गया, जिससे थाना ईकोटेक-3 पर नियुक्त हेड कांस्टेबल रवि कुमार घायल हो गए।"

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल ने बताया, "पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जवाबी कार्यवाही में अभियुक्त बलराज गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मुख्य आरक्षी रवि कुमार एवं गंभीर रूप से घायल अभियुक्त बलराज को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान चिकित्सकगण द्वारा अभियुक्त बलराज को मृत घोषित कर दिया गया है। मृत आरोपी के कब्जे से 01 अवैध पिस्टल .32 बोर मय 03 खोखा व 02 जिंदा कारतूस बरामद हुए है। अभियुक्त बलराज के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। मुख्य आरक्षी उपचाराधीन है। अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।"

इससे पहले बुलंदशहर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी का एनकाउंटर हुआ था और दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।

ये भी पढ़ें-

एनकाउंटर में घायल हिस्ट्रीशीटर पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार, कई संगीन धाराओं में दर्ज हैं 35 मुकदमे