1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में भीषण आग, धू-धू कर जला सामान; वीडियो में दिखा विकराल अग्निकांड

ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में भीषण आग, धू-धू कर जला सामान; वीडियो में दिखा विकराल अग्निकांड

Shahberi Furniture Market Fire: ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में भीषण अग्निकांड हुआ है। इसमें करीब 8 दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग इतनी ज्यादा थी कि कई सौ मीटर दूर तक इसका धुआं आसमान में उठता हुआ दिखाई दिया।

Shahberi furniture market fire- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी मार्केट में भीषण अग्निकांड।

Greater Noida Furniture Market Blaze: यूपी में ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में बीती रात भयंकर आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्लास्टिक की एक दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग तेजी से आसपास की कई दुकानों में फैल गई, चूंकि पूरे इलाके में ही फर्नीचर का काम होता है तो आग बहुत तेजी से फैली। आग की लपटें काफी दूर से ही दिखाई दे रही थीं।

मौके पर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पहुंचीं दमकल की गाड़ियां

बता दें कि आग बीती रात करीब 10 बजे लगी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। आग की सूचना मिलने के बाद मौके पर दमकल की 30 से ज्यादा गाड़ियां पहुंचीं। रास्ता संकरा होने की वजह से दमकल की गाड़ियों के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया, जिसके बाद नोएडा और गाजियाबाद से दमकल की गाड़ियां घटनास्थल तक पहुंच सकीं।

40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद बुझ पाई आग

जान लें कि करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। लेकिन आग में लाखों का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, राहत की बात ये रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

शाहबेरी मार्केट में लाखों का सामान जलकर हुआ खाक

वीडियो में दिख रहा है कि शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में लगी आग का धुआं कई दर्जन फीट तक आसमान में ऊपर उठा। आसपास बनी रेजिडेंशियल सोसाइटी से लोग इस अग्निकांड की वीडियो बनाते हुए नजर आए। वीडियो में लोगों की चीख-पुकार सुनाई दी, लेकिन दुकानदारों की आंखों के सामने उनका लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।

अग्निकांड में 8 दुकानें जलकर हुईं खाक

इस घटना पर चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार ने बताया कि हमें सूचना मिली कि ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में आग लगी है। फिलहाल, आग पर काबू पा लिया गया है। इस अग्निकांड में करीब 8 दुकानें जलकर खाक हो गईं। अभी तक किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

ये भी पढ़ें- यूपी में बड़ा अनोखा मामला: महिला ने 5 दिनों में 4 बच्चों को जन्म दिया, दो लड़के और दो लड़कियां, डॉक्टर भी हैरान