उत्तर प्रदेश के देवरिया से बड़ी खबर सामने आई है। गुड़िया हत्याकांड की जांच के बीच पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के कर्मचारी आवास में महिला की हत्या के मामले में वांछित आरोपी रामाशीष यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से एक असलहा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, रुद्रपुर थाना क्षेत्र के अवस्थी चौराहे पर पुलिस की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान रामाशीष यादव वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर उसने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
3 लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात सामने आई
रामाशीष यादव रुद्रपुर सीएचसी परिसर में कर्मचारी आवास के भीतर हुए गुड़िया हत्याकांड में वांछित था। इस वारदात के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मुठभेड़ के बाद आरोपी की गिरफ्तारी से मामले की जांच में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है पुलिस के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ के दौरान महिला की हत्या के लिए तीन लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात सामने आई है। अब पुलिस इस कथित सुपारी के पीछे शामिल लोगों और हत्या की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस
इस मामले में पुलिस अधिकारी अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि रामाशीष यादव का एक साथी मौके से फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ हत्या के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है। पूछताछ और जांच के आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
(रिपोर्ट: विनोद)
यह भी पढ़ें:
‘पाकिस्तान को दुश्मन माने देश का हर नागरिक’, फारूक अब्दुल्ला के बयान पर भड़के UP के मंत्री दानिश आजाद अंसारी
डेढ़ घंटे तक ढूंढते रहे मां-बाप, फिर व्हीकल वॉशिंग सेंटर के टैंक में मिला 3 साल का निहाल; रास्ते में तोड़ा दम