लेखपाल- कौन जात हो? किसान- हम पांडे, वो पासी! अधिकारी- ले चलो इसको, SC वाला लगाओ! दरअसल, यह वायरल वीडियो यूपी के हरदोई का है जहां एक फरियादी के पट्टे का कब्जा हटवाने सदर तहसील की नायब तहसीलदार के नेतृत्व में टीम गई थी। रामसागर जो कि पासी बिरादरी से है, उनकी जमीन पर पांडे जी ने कब्जा कर रखा है। जब पांडे जी से कहा गया तो वो अपनी हनक दिखाने लगे, इस पर वहां मौजूद लेखपाल जिनका नाम आलोक त्रिपाठी बताया जा रहा है, उन्होंने कहा ले चलो इस पर SC वाला लगाओ। अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार मामला हरदोई के ब्लॉक टड़ियावां के ग्राम सखौरा का है। यह हरदोई तहसील क्षेत्र में गोमती नदी के किनारे बसा अंतिम गांव बताया जा रहा है। इसी गांव के मजरा बेहटी निवासी रामसागर पासी पट्टे में मिली जमीन पर कब्जे को लेकर तहसील में एक प्रार्थना पत्र दिया था। नायब तहसीलदार के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची थी। गांव के लेखपाल के अलावा दूसरे क्षेत्र के लेखपाल आलोक त्रिपाठी के अलावा पुलिस बल भी मौजूद था। इसी दौरान गांव के संतोष पांडे के पुत्र गौरव पांडे ने संबंधित जमीन पर अपना दावा पेश करते हुए पैमाइश कराने की मांग की। गौरव के अनुसार 30 साल पहले 4 बीघे का पट्टा उनके बाबा गया प्रसाद के नाम किया गया था, जिसमें परिवार ने पेड़ लगाए और लंबे समय से परिवार खेती करता हुआ आ रहा है।
जाति बताई तो SC/ST एक्ट में फंसाने की दी धमकी
गौरव के अनुसार बिना जमीन की पैमाईश के ही पेड़ो को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। इसी दौरान कथित कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। गौरव पांडे का आरोप है कि जब उन्होंने राजस्व टीम के सामने अपनी बात रखी तो उनकी बात नहीं सुनी गई। इस दौरान लेखपाल आलोक त्रिपाठी ने उनकी जाति पूछी। गौरव के ब्राह्मण बताए जाने के बाद दूसरे पक्ष की भी जाति पूछी गई। रामसागर के अनुसूचित जाति से होने की बात सामने आने के बाद लेखपाल गौरव को SC-ST एक्ट लगवाने की धमकी देते दिख रहे हैं।
देखें वीडियो-
प्रशासन ने तहसीलदार को सौंपी जांच
वहीं, इस घटना पर एसडीएम सदर मयंक कुंडू ने कहा कि एक वायरल वीडियो संज्ञान में है, जिसमें लेखपाल द्वारा टिप्पणी की गई है। प्रशासन ने जांच तहसीलदार को सौंपी है। तहसीलदार द्वारा जांच रिपोर्ट 2 दिनों में दिए जाने के लिए निर्देश किया गया है। वहीं, फिलहाल ये भी जानकारी मिली है कि रामदास का खेत पांडे ने खाली कर दिया है।
वहीं, कुछ महीनों पहले BHU में एक ब्राह्मण छात्र को जाति पूछकर सपा नेता ने थप्पड़ मार दिया था। पुलिस ने समाजवादी पार्टी छात्र सभा के अध्यक्ष हिमांशु यादव को गिरफ्तार किया था।
(रिपोर्ट- राम श्रीवास्तव)
यह भी पढ़ें-
मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड केस में आया कोर्ट का फैसला, मुस्कान और साहिल दोषी करार दिए गए
कानपुर का 'टेंट ठगी कांड', कहीं से उठाया भगोने-कढ़ाई, कहीं से बर्तन-दरी… कबाड़ में बेचते रहे चाचा-भतीजे!