A
Hindi News उत्तर प्रदेश बारात में डीजे बंद हुआ तो चल गई गोली, दूल्हा थाने में बैठा रहा, दुल्हन इंतजार करती रही

बारात में डीजे बंद हुआ तो चल गई गोली, दूल्हा थाने में बैठा रहा, दुल्हन इंतजार करती रही

रात 12 बजे डीजे बंद होने पर विवाद शुरू हुआ। इस दौरान डीजे संचालक के पिता को गोली लग गई और उनकी मौत हो गई। मौत के बाद थाने में रिपोर्ट लिखाई गई। ऐसे में दूल्हा और उसके परिवार के लोग थाने में बैठे रहे, जबकि दुल्हन घर पर इंतजार करती रही।

hardoi wedding- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT गोली चलने के बाद सुनसान बारात

उत्तर प्रदेश के हरदोई में बारात में डीजे बंद होने पर विवाद हो गया और इसी विवाद में दूल्हे के बहनोई ने डीजे संचालक के पिता को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। शादी वाले घर में हत्या के बाद हड़कंप मच गया और लोग भाग निकले। मामले की सूचना पर एसपी एएसपी सीओ मौके पर पहुंचे घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस मामले में पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर दो लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद दुल्हन घर में इंतजार करती रही। वहीं दूल्हा और उसके परिजन थाने पर बैठे रहे, जबकि बाराती वापस जा चुके थे। शादी की रस्मों में व्यवधान पड़ने के बाद मंडप सूना पड़ा था। एसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गयी हैं।

मर्डर की सनसनीखेज वारदात अतरौली थाना क्षेत्र के शाहपुरा गांव की है। यहां गांव के रहने वाले टीकाराम की पुत्री का विवाह लखनऊ जनपद के जेहटा के रहने वाले विकास के साथ तय हुआ था। रात में बारात आई हुई थी और इसी बारात में अतरौली थाना क्षेत्र के बरगदी निवासी अमित पुत्र पुत्तीलाल का डीजे लगा हुआ था। रात 12 बजे के आसपास अमित ने अपना फ्लोर डीजे बंद कर दिया। डीजे बंद होने के बाद दूल्हे के बहनोई आकाश गौतम और उसके बड़े भाई अखिलेश गौतम ने आकर डीजे बजाने के लिए कहा। अमित ने जब रात में डीजे बजाने से मना कर दिया तो यह लोग उसके साथ धक्का मुक्की करते हुए झगड़ा करने लगे।

आकाश गौतम ने चलाई गोली

झगड़ा बढ़ता देख अमित ने अपने पिता पुत्तीलाल व बड़े भाई आशीष को बुला लिया। जब यह दोनों लोग आए और इन लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास करने लगे तो आकाश गौतम ने कहा कि वह लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है और उसका अध्यक्ष भी है। इसी बात पर एक बार फिर से विवाद शुरू हो गया और विवाद में आकाश गौतम ने अपने भाई अखिलेश के कहने पर कमर से असलहा निकाला और गाली गलौज करते हुए पुत्तीलाल के ऊपर गोली चला दी। गोली लगने से पुत्तीलाल घायल होकर जमीन पर गिर गया। गोली लगने के बाद अखिलेश और आकाश दोनों मौके से भाग निकले।

जल्द गिरफ्तार होंगे हत्यारे

शादी वाले घर में हत्या की वारदात से हड़कंप मच गया। पुत्तीलाल को उठाकर सीएचसी ले जाया गया, जहां से लखनऊ भी ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद बाराती अपने घरों को चले गए। मामले की सूचना पाकर एसपी अशोक कुमार मीणा अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी व सीओ संडीला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। एसपी ने बताया कि अभियुक्तजनों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगा दिया गया है, शीघ्र ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

दूल्हे का इंतजार कर रही दुल्हन

अमित की तहरीर पर दो लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना से पहले जयमाल हो चुका था, लेकिन घटना के बाद अभी तक भवरे नहीं पड़े हैं। शादी वाले घर में सन्नाटा पसरा हुआ है। दूल्हे और उसके परिवारजन कोतवाली में मौजूद है। दुल्हन भवरों का इंतजार कर रही है, जिस घर में शहनाई बज रही थी, वहां का मंडप सूना पड़ा है।

(हरदोई से राम की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी की लोहे की रॉड से मारकर की हत्या, फिर पहुंच गया थाने

''उल जलूल बयानों से खुद को बचाएं मुस्लिम'', मौलाना मदनी के बयान पर आया मुफ्ती बरेलवी का रिएक्शन