उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विवाहित महिला अपने प्रेमी की शादी कहीं और तय होने से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इस दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। महिला का आरोप था कि 13 दिन पहले थाने में तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही कोई कार्रवाई की।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला सीतापुर के कमलापुर थाना क्षेत्र के देवीपुर (मजरा सुरैचा) गांव का है। यहां की रहने वाली मीनू देवी नाम की महिला अचानक गांव में लगे एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। चौंकाने वाली बात यह थी कि मीनू तीन बच्चों की मां है और टावर पर चढ़ने से पहले उसने अपने एक मासूम बच्चे को नीचे जमीन पर ही छोड़ दिया था। टावर की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद महिला ने हंगामा शुरू कर दिया। वह वहां से अपने प्रेमी अजय को मौके पर बुलाने की मांग करने लगी।
पुलिस और प्रशासन में मच गया हड़कंप
बताया जा रहा है कि मीनू काफी समय से अजय नाम के युवक से प्रेम करती थी। हाल ही में जब उसे पता चला कि अजय की शादी कहीं और तय हो गई है, तो वह इस बात से बेहद आहत हो गई और उसने ऐसा कदम उठा लिया। महिला के टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक इतुल चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता और खतरे को देखते हुए तुरंत सीओ सिधौली, दमकल कर्मियों और एम्बुलेंस को भी मौके पर बुला लिया गया।
कॉन्फ्रेंस कॉल पर प्रेमी से बात करने के बाद नीचे उतरी महिला
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने महिला को नीचे उतारने के लिए काफी देर तक उन्हें मनाने की कोशिश की। यह हाई वोल्टेज ड्रामा करीब एक से डेढ़ घंटे तक चलता रहा। आखिरकार, सीओ सिधौली ने सूझबूझ दिखाते हुए महिला मीनू को फोन लगाया और कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए उसके प्रेमी अजय कुमार से उसकी बात कराई। प्रेमी से बात करने और पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद मीनू शांत हुई और टावर से नीचे उतरी। महिला के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस उसे आगे की कार्रवाई और पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई, तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली।
सीतापुर से मोहित मिश्रा की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
जीजा की हत्या कर फरार हो गया था साला, पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान गोली मारकर किया गिरफ्तार
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ब्यूटी पार्लर संचालिका की हत्या, पति ने चाकुओं से गोदकर मार डाला