1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ में हिंदू युवा वाहिनी के नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या, नहर में मिला शव; एक दिन पहले से थे लापता

लखनऊ में हिंदू युवा वाहिनी के नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या, नहर में मिला शव; एक दिन पहले से थे लापता

लखनऊ में हिंदू युवा वाहिनी के नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या कर दी गई है। वह शनिवार से ही लापता थे जिसके बाद पुलिस की टीम उनकी तलाश कर रही थी। रविवार को उनका शव दुबग्गा इलाके में एक नहर से बरामद किया गया।

हिंदू युवा वाहिनी के नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हिंदू युवा वाहिनी के नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या।

लखनऊ: इस वक्त की बड़ी खबर यूपी की राजधानी लखनऊ से सामने आ रहा है, जहां हिंदू युवा वाहिनी के नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक धीरेंद्र प्रताप सिंह का शव दुबग्गा के पास एक नहर में बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर गाड़ी में ही उनकी गोली मारकर हत्या की गई। यहां बता दें कि धीरेंद्र प्रताप सिंह मूल रूप से उन्नाव जिले के रहने वाले थे और फिलहाल वह लखनऊ के PGI इलाके में रह रहे थे। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

शनिवार से ही लापता थे धीरेंद्र प्रताप सिंह

दरअसल, हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह शनिवार को सुशान्त गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र से लापता थे। वहीं अब रविवार को उनका शव बरामद किया गया है। जानकारी के मुताबिक राजधानी के दुबग्गा इलाके में एक नहर में धीरेंद्र प्रताप सिंह का मिला है। उनकी गोली मार कर हत्या की गई है। फिलहाल लखनऊ पुलिस को उनके खुद के ड्राइवर पर ही हत्या करवाने का शक है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। वहीं एसटीएफ की टीम भी इस घटना की जांच में जुट गई है।

जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

बताया जा रहा है कि धीरेंद्र प्रताप सिंह उन्नाव जनपद के फतेहपुर चौरासी के राजेपुर के‌ रहने वाले थे। वही काफी समय से हिंदू युवा वाहिनी के साथ जुड़े हुए थे। शनिवार को उनके लापता होने की सूचना मिलने के बाद से ही पुलिस की टीम गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश कर रही थीं। जानकारी के मुताबिक लखनऊ के ही एक मॉल से शनिवार को उनकी किडनैपिंग हुई थी। यह भी बताया जा रहा है कि करीब 50 करोड़ रुपये की एक जमीन को लेकर धीरेंद्र प्रताप सिंह का विवाद चल रहा था। अब पुलिस की टीम सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

विकास नगर में भी शव बरामद

इससे पहले एक अन्य घटना में शुक्रवार को लखनऊ में एक अज्ञात व्यक्ति का शव नाले से बरामद किया गया था। पुलिस ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि विकास नगर में रिंग रोड पर मारुति सुजुकी के शोरूम के सामने एक बड़े नाले में शव बह रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। पुलिस ने बयान में बताया कि शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं की जा सकी।

यह भी पढ़ें-

लखनऊ में वकीलों के चैंबर्स पर चला पीला पंजा, अवैध निर्माण को बुलडोजर ने किया जमींदोज