गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद से एक बड़ी खबर है। यहां के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। यह हादसा एनएच-9 पर छिजारसी कट के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक, दंपति को बाइक समेत काफी दूर तक घसीटता ले गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के अनुसार, मृतक दंपति की पहचान बागपत निवासी आशीष (36) और उनकी पत्नी नीलम (32) के रूप में हुई है। वे रविवार सुबह करीब 11 बजे अपनी नई बाइक पर दिल्ली से मेरठ की ओर जा रहे थे। एनएच-9 पर छिजारसी कट के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद आशीष और नीलम सड़क पर गिर गए और ट्रक उन्हें काफी दूर तक घसीटता चला गया। इस भीषण दुर्घटना में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही इंदिरापुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
ट्रक के नंबर के आधार पर मालिक और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गाजियाबाद में किराए पर रहते थे दंपति
मृतक दंपति इंदिरापुरम की एक पॉश सोसाइटी में किराए पर रहते थे।
ग्रेटर नोएडा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर भी हुआ हादसा
ग्रेटर नोएडा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर भी इसी तरह का एक भीषण हादसा हुआ। यहां एक ट्रक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर को तोड़ते हुए एक कार पर जा गिरा। इस घटना में कार के परखच्चे उड़ गए और कार सवार 4 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लिया है। (रिपोर्ट- जुबैर अख्तर)
ये भी पढ़ें-
गाजियाबाद में ट्रक और बोलेरो की भीषण भिड़ंत, नया वाहन लेकर हरिद्वार जा रहे 3 लोगों की मौत, कई घायल