1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में बाइक सवार शख्स की मांझे से कटी गर्दन, हुई दर्दनाक मौत, पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

यूपी में बाइक सवार शख्स की मांझे से कटी गर्दन, हुई दर्दनाक मौत, पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

यूपी के गोरखपुर में एक बाइक सवार शख्स की गर्दन मांझे की चपेट में आ गई। मांझा धारदार था, जिसकी वजह से शख्स की गर्दन कट गई और खून अधिक बहने की वजह से उसकी मौत हो गई।

Gorakhpur- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बाइक सवार शख्स की मांझे से कटी गर्दन

गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इलाहीबाग स्थित हरबर्ट बांध पर मोटरसाइकिल से गुजर रहे 40 वर्षीय रमेश कनौजिया की गर्दन में अचानक एक धारदार मांझा उलझ गया। मांझे से उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसा प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की वजह से हुआ, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।

क्या है पूरा मामला?

माधोपुर निवासी रमेश कनौजिया शनिवार दोपहर मोटरसाइकिल से इलाहीबाग के हरबर्ट बांध से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक मांझा उनकी गर्दन में उलझ गया। मांझे की धार इतनी तेज थी कि उनकी गर्दन बुरी तरह कट गई। गंभीर रूप से घायल रमेश मोटरसाइकिल से सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही काफी खून बहने लगा।

आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उनकी मदद की और गंभीर हालत में गोरखपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रमेश परिवार की आजीविका का प्रमुख सहारा थे। उनकी मौत के बाद पत्नी और बच्चों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। घर में मातम पसरा हुआ है और पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

चश्मदीदों का दावा है कि चाइनीज मांझे ने ली जान लेकिन पुलिस ने कहा गर्दन पर लगा था धागा, पुलिस अभी चाइनीज मांझे का नाम नहीं ले रही है। इस दर्दनाक घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के बयानों में एक महत्वपूर्ण अंतर सामने आया है। चश्मदीदों का दावा है कि रमेश कनौजिया की गर्दन प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की चपेट में आने से कटी थी।

वहीं, इस मामले में क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने बताया कि शनिवार दोपहर हुई घटना में मोटरसाइकिल सवार की गर्दन पर कोई धागा लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि गर्दन पर लगा धागा सामान्य पतंग का मांझा था या प्रतिबंधित चाइनीज मांझा।

इससे पहले खबर सामने आई थी कि अगर चाइनीज मांझे से मौत हुई तो मर्डर केस चलेगा, सीएम योगी ने पुलिस को पूरे प्रदेश में छापेमारी के आदेश दिए थे। (रिपोर्ट- राज श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें-

चाइनीज मांझे ने ली 2 बेटियों के पिता शोएब की जान, CM योगी ने दिया सख्त कार्रवाई का आदेश