महज 15 हजार रुपये का कर्ज एक परिवार के लिए ऐसी मुश्किल बन गया कि परेशान युवक ने अपनी जान देने की कोशिश की। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में हुई इस घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घर का मेन गेट बंद होने के कारण पुलिसकर्मियों ने छत की सीमेंट शीट तोड़कर अंदर जाने का रास्ता बनाया और युवक को बचाकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल युवक का झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
घटना बरुआसागर थाना क्षेत्र के तिलैथा खुर्द गांव की है। यहां रहने वाला 26 साल का मुकेश रेंकवार कथित तौर पर आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते तनाव में था। यही वजह है कि युवक ने तंग आकर खुदकुशी करने की कोशिश की। गनीमत ये रही कि पुलिस ने सही समय पर पहुंचकर युवक की जान बचा ली। मामले की जानकारी मिलने पर डायल 112 में तैनात उपनिरीक्षक हरिराम सिंह, पुष्पेंद्र कुमार और भूपेन्द्र यादव की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घर का मुख्य गेट बंद मिलने पर पुलिसकर्मियों ने देर किए बिना छत की सीमेंट शीट तोड़ी और अंदर दाखिल हुए। पुलिस ने युवक को फंदे से नीचे उतारा और उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरुआसागर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
15 हजार रुपये के कर्ज से परेशान था युवक
मुकेश के भाई धर्मेंद्र रैकवार के मुताबिक, उसका भाई करीब 15 हजार रुपये के कर्ज को लेकर परेशान चल रहा था। रविवार शाम मुकेश ने अपनी मां गणेशी रैकवार से पैसे मांगे थे, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह रकम का इंतजाम नहीं कर सकीं। इसके बाद मुकेश ने यह कदम उठा लिया।
दो साल की बेटी का पिता है मुकेश
मुकेश शादीशुदा है और उसकी दो साल की बेटी परी है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। समय पर सूचना मिलने और डायल 112 की टीम की त्वरित कार्रवाई से युवक को बचाकर अस्पताल पहुंचाया जा सका। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं।
(रिपोर्ट: आकाश राठौर)
यह भी पढ़ें:
लखनऊ से बड़ी खबर, होटल सेलेस्टियल ओमेक्स की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत, बॉयफ्रेंड फरार
छत से रस्सी के सहारे उतरा, 18 किलो चांदी बोरे में भरकर ले उड़ा चोर, CCTV में कैद; कानपुर कारखाने में बड़ी चोरी