A
Hindi News उत्तर प्रदेश कानपुर एक्सीडेंट का वीडियो, हादसे के बाद गाड़ी की नंबर प्लेट उखाड़ रहे थे बाउंसर

कानपुर एक्सीडेंट का वीडियो, हादसे के बाद गाड़ी की नंबर प्लेट उखाड़ रहे थे बाउंसर

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बाउंसर गाड़ी की नंबर प्लेट निकालने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, वह इसमें सफल नहीं होता है। इस दौरान दूसरा व्यक्ति वीडियो न बनाने के लिए भी कहता है।

Kanpur Number plate- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT कार से नंबर प्लेट निकालता बाउंसर

उत्तर प्रदेश के कानपुर में हादसे के बाद शिवम मिश्रा के बाउंसरों ने उसे बचाने के लिए कार की नंबर प्लेट उखाड़ने की कोशिश की थी। इसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बाउंसर कार की नंबर प्लेट उखाड़ने की कोशिश कर रहा है। वहीं, दूसरा व्यक्ति वीडियो बना रहे लोगों को मना कर रहा है। हालांकि, वह नंबर प्लेट निकालने में सफल नहीं होता है, लेकिन उसे टेढ़ा जरूर कर देता है।

हादसा रविवार 8 फरवरी को हुआ था। कानपुर के ग्वालटोली इलाके में वीआईपी रोड पर झूला पार्क क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मारी थी। रेव-3 मॉल के पास तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा ने फुटपाथ पर लोगों को कुचल दिया था।

लैंबोर्गिनी कार ने कई लोगों को मारी थी टक्कर

शिवम महंगी लैंबोर्गिनी कार चला रहा था, जिसकी कीमत 10 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। यह कार तेज रफ्तार में बेकाबू हो गई थी। कार ने पहले एक बुलेट मोटरसाइकिल को टक्कर मारी। इस बाइक पर सवार लोग उछल गए। इसके बाद ऑटो-रिक्शा और फुटपाथ पर चल रहे लोगों को टक्कर मारी। हादसे में कुल 5-6 लोग घायल हुए थे।

हादसे के बाद शिवम को ले गए बाउंसर

हादसे के तुरंत बाद शिवम के बाउंसरों ने उसे कार से निकालकर ले गए। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ था। पुलिस ने कार सीज कर ली है और एफआईआर दर्ज कर ली है। एफआईआर में पहले अज्ञात व्यक्ति के नाम शिकायत लिखी गई थी, लेकिन बाद में शिवम का नाम जोड़ा गया। इस मामले में जांच जारी है, जिसमें यह साफ होगा कि गाड़ी कौन चला रहा था। शिवम के परिजनों और वकील का कहना है कि हादसे के समय गाड़ी ड्राइवर चला रहा था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कहा जा रहा है कि गाड़ी में शिवम ही था।

(कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

यूपी: मुजफ्फरनगर में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया कुख्यात बदमाश अमजद, गोलीबारी में SI और सिपाही भी घायल

प्रेमी से नाराज होकर युवती ने सरयू में लगाई मौत की छलांग, ठंडे पानी ने बदला इरादा, Video में देखें कैसे बची जान