उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कानपुर के काकादेव के मतैयापुरवा में मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोस में रहने वाले चचेरे भाई और उसके परिवार पर एक मजदूर को लाठी-डंडों से पीटकर मौत के घाट उतारने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल मजदूर को पत्नी और पड़ोसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश में दो पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
शराब के नशे में घर लौटे थे राकेश, चचेरी बहन से हुई कहासुनी
शास्त्री नगर के मतैयापुरवा निवासी 37 वर्षीय राकेश कुमार प्रजापति मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी मोनी, दो बेटियां तमन्ना और चाहत तथा दो बेटे आर्यन और डुग्गू हैं। पत्नी भी घरों में चौका-बर्तन करके परिवार की आर्थिक मदद करती हैं। ऐसे में बताया गया कि सोमवार दोपहर राकेश शराब के नशे में घर लौटे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली उनकी शादीशुदा चचेरी बहन सुमन से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि सुमन ने राकेश को थप्पड़ मार दिया। इसी बीच सुमन का भाई रवि अपनी पत्नी अनीता और मां पप्पी के साथ वहां पहुंच गया।
लाठी-डंडों से किया हमला, सड़क पर गिरकर हुए बेसुध
आरोप है कि रवि और उसके परिवार के लोगों ने राकेश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में राकेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उनके जमीन पर गिरने के बाद भी मारपीट जारी रही। कुछ देर बाद वह बेसुध हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने राकेश की पत्नी मोनी को सूचना दी। वह तत्काल मौके पर पहुंचीं और पड़ोसियों की मदद से पति को लेकर हैलट अस्पताल पहुंचीं। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद राकेश को मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी बदहवास हो गईं। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पत्नी की तहरीर पर कार्रवाई, तीन महिलाएं हिरासत में
हत्या की सूचना मिलते ही काकादेव इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। इसके बाद मृतक की पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। मामले में डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पत्नी की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अनीता, पप्पी और सुमन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, घटना के बाद से मुख्य आरोपी रवि फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
राकेश की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। मजदूरी करके परिवार चलाने वाले राकेश के पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चे हैं। पति की मौत से पत्नी मोनी पूरी तरह टूट गई हैं। घर में बच्चों का रोना और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, इसके पहले कानपुर में ही अवैध संबंधों के शक में एक युवक की हत्या कर दी गई थी। घर में घुसे युवक को पीट-पीटकर मार डाला गया।
अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
कानपुर में पत्नी से विवाद के बाद शराबी पति का तांडव, PRV टीम पर हमला, सिपाही की वर्दी फाड़ी