1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अवैध संबंधों के शक में खूनी खेल, घर में घुसे युवक को पीट-पीटकर मार डाला, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

अवैध संबंधों के शक में खूनी खेल, घर में घुसे युवक को पीट-पीटकर मार डाला, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Nov 01, 2026 08:45 pm IST,  Updated : Nov 01, 2026 08:55 pm IST

मृतक के पिता ने पड़ोसी कल्लू अवस्थी और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की है।

घर में घुसे युवक की पीट-पीटकर हत्या- India TV Hindi
घर में घुसे युवक की पीट-पीटकर हत्या Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के गंभीरपुर गांव में रविवार तड़के अवैध संबंधों के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवक पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति के घर में घुसा था। इसी दौरान घरवालों ने उसे देख लिया। इसके बाद युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। गंभीर हालत में पुलिस उसे भीतरगांव सीएचसी लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मृतक के परिजनों ने पड़ोसियों पर सुनियोजित तरीके से हत्या करने का आरोप लगाया है।

पड़ोसी के घर में घुसा था युवक

जानकारी के मुताबिक, गंभीरपुर गांव निवासी 28 वर्षीय गोपाल तिवारी रविवार सुबह करीब चार बजे अपने पड़ोसी कल्लू अवस्थी के घर में घुस गया था। आरोप है कि इसी दौरान घर के लोगों ने उसे देख लिया। इसके बाद गोपाल के साथ मारपीट की गई, जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना के कुछ देर बाद कल्लू अवस्थी गोपाल के घर पहुंचे और परिजनों को उसके मृत पड़े होने की जानकारी दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

गोपाल के घरवालों को घटना की जानकारी मिली तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायल अवस्था में गोपाल को लेकर भीतरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

पिता ने पड़ोसी परिवार पर लगाया हत्या का आरोप

मृतक के पिता विजय प्रकाश तिवारी ने साढ़ थाने पहुंचकर तहरीर दी है। उन्होंने पड़ोस में रहने वाले कल्लू अवस्थी, उनके बेटे विकास अवस्थी, मोहित अवस्थी और परिवार की महिलाओं पर गोपाल की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। वहीं, आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।

अवैध संबंधों के शक में हत्या की आशंका

साढ़ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक की मौत की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया जांच में अवैध संबंधों के शक में मारपीट के बाद युवक की मौत होने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि गंभीरपुर गांव में युवक की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

मुरादाबाद में सपा नेता इकबाल इंजीनियर ने की अभद्र नारेबाजी, रामलीला मैदान के लिए कूच करते वक्त की आपत्तिजनक टिप्पणी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।