1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. बीयर छलकने पर बवाल! दिल्ली के क्लब में युवक की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, Club मालिक समेत 5 हिरासत में

बीयर छलकने पर बवाल! दिल्ली के क्लब में युवक की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, Club मालिक समेत 5 हिरासत में

 Reported By: Kumar Sonu,  Written By: Niraj Kumar
 Published : Oct 13, 2026 08:16 am IST,  Updated : Oct 13, 2026 10:35 am IST

राजधानी दिल्ली के एक क्लब में युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपों के मुताबिक बीयर का गिलास छलकने पर बवाल शुरू हुआ। क्लब के मालिक और बाउंसर्स पर हत्या का आरोप है।

delhi murder- India TV Hindi
दिल्ली के क्लब में युवक की हत्या Image Source : REPORTER INPUT

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के एक क्लब में मामूली बात पर मचे बवाल में एक युवक का मर्डर हो गया। जानकारी के मुताबिक दिल्ली के Tor House क्लब में बीयर का गिलास छलकने की मामूली बात पर युवक पर हमला कर उसे बुरी तरह से पीटा गया। आरोपों के मुताबिक क्लब मालिक और बाउंसरों की पिटाई से युवक की मौत हो गई। 

सूत्रों के मुताबिक मृतक की पहचान रघुवीर नगर निवासी दलजीत के रूप में हुई है। उसके परिवार में पत्नी, आठ साल का बेटा और पिता हैं। दलजीत पेशे से ड्राइवर था और उसकी उम्र 29 साल बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में क्लब के मालिक समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस की जांच जारी है। जिस क्लब में यह घटना हुई उसका नाम Tor Club है।

 शनिवार देर रात की घटना

जानकारी के मुताबिक यह घटना शनिवार देर रात सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र के एक Tor Club में हुई। सूत्र के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दलजीत अपने कुछ दोस्तों के साथ नाइट क्लब गया था। वहां उसके एक दोस्त से एक महिला पर बीयर गिर गई। इस बात को लेकर विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद क्लब के बाउंसर ने कथित तौर पर दलजीत से मारपीट की।

सूत्र के अनुसार, दलजीत और उसके दोस्तों ने माफी भी मांगी, लेकिन इसके बावजूद उनसे मारपीट की गयी। क्लब के वेटर भी दलजीत और उसके दोस्तों पर डंडों और कांच की बोतलों से हमला करने लगे जब उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की, तो हमलावर उन्हें खींचकर वापस अंदर ले आए और फिर से मारपीट की गई।

नाइट क्लब का सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

इस हमले में दलजीत को सबसे गंभीर चोटें आईं। सूत्र ने बताया, ''उसके दोस्त उसे रघुवीर नगर स्थित उसके घर ले गए, जहां वह घर के दरवाजे के पास ही गिर पड़ा। इसके बाद उसे गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।'' पुलिस ने नाइट क्लब का सीसीटीवी डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर जब्त कर लिया है और फुटेज खंगाली जा रही है।

ये भी पढ़ें:

दिल्ली में प्रोटेस्ट को लेकर अलर्ट! CAPF की तैनाती बढ़ाने की मांग, दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय को लिखी चिट्ठी

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।