A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उधार दिए 500 रुपये मांगने पर चढ़ा नाबालिग का पारा, दोस्त के पेट में घोंप दिया चाकू; शादी समारोह में छाया मातम!

उधार दिए 500 रुपये मांगने पर चढ़ा नाबालिग का पारा, दोस्त के पेट में घोंप दिया चाकू; शादी समारोह में छाया मातम!

Minor Murder In Kanpur: कानपुर देहात में 16 साल के एक नाबालिग लड़के ने 500 रुपये के विवाद में बेरहमी से हत्या कर दी है। यह घटना शादी समारोह में हुई जिससे सनसनी फैल गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ लिया है।

Kanpur Dehat murder case- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT कानपुर देहात में 500 रुपये के विवाद में किशोर ने दोस्त की हत्या कर दी है।

Kanpur Dehat Minor Murder: यूपी में कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में महज 500 रुपये के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां 16 साल के नाबालिग लड़के ने अपने ही 15 वर्षीय दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी। ये घटना बीते सोमवार की रात करीब 11 बजे एक शादी समारोह के दौरान हुई, इससे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजन आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

सत्यम ने 3 महीने पहले दोस्त को उधार दिए थे पैसे

बता दें कि मृतक की पहचान सत्यम पुत्र छविराम निषाद के रूप में हुई है जो थाना अमराहट के महेशगंज का रहने वाला था। सत्यम कक्षा 10 का छात्र था। जानकारी के मुताबिक, सत्यम ने करीब तीन महीने पहले अपने दोस्त को उसके जन्मदिन के लिए 500 रुपये उधार दिए थे। लंबे समय तक पैसे वापस न मिलने पर वह लगातार मांग कर रहा था।

दोनों दोस्त शादी समारोह में मिले और फिर हत्याकांड

फिर सोमवार रात सिकंदरा कस्बे के विमला गार्डन में एक शादी समारोह के दौरान दोनों की मुलाकात हुई। छत पर जाकर पैसे को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान, आरोपी लड़के ने गुस्से में आकर सरेआम सत्यम के पेट में चाकू मार दिया।

पुलिस ने 3 संदिग्धों से शुरू की पूछताछ

इसके बाद, गंभीर रूप से घायल सत्यम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा ले जाया गया, जहां डॉक्टर पवन कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मौके से 3 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी को भी पकड़ा

क्षेत्राधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की गई थी, उसको पकड़ लिया गया है। हत्याकांड के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले की गहन जांच जारी है। वहीं, ग्रामीणों के अनुसार आरोपी और मृतक सत्यम, दोनों अच्छे दोस्त थे। वे दोनें ही 10वीं के छात्र थे।

(इनपुट- ज्ञानेंद्र शुक्ला)

ये भी पढ़ें- VIDEO: सिनेमा हॉल में अंधेरे का फायदा उठाकर कर रहा था छेड़छाड़, पब्लिक ने कर दी मनचले की धुनाई