1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Video: हाईवे पर पेट्रोल टैंकर का एक्सीडेंट, लीक हुए पेट्रोल को बाल्टी-डिब्बों में भर ले गए लोग

Video: हाईवे पर पेट्रोल टैंकर का एक्सीडेंट, लीक हुए पेट्रोल को बाल्टी-डिब्बों में भर ले गए लोग

हादसे के बाद टैंकर से पेट्रोल लीक होने लगा। इसका फायदा उठाकर कई लोग बाल्टी और डिब्बे में भरकर पेट्रोल ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को टैंकर से दूर किया।

kanpur Petrol Tanker Accident- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पेट्रोल टैंकर के पास जुटे लोग

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक टैंकर पलटने से तेल सड़क पर फैल गया। मौके का फायदा उठाकर कुछ लोग बाल्टी-डिब्बों में पेट्रोल भर ले गए। घटना गोविंद नगर थाना क्षेत्र की है। यहां रतन लाल नगर चौकी के पास हाईवे पर पेट्रोल टैंकर अनियंत्रित होकर एक्सीडेंट का शिकार हो गया और साइड से पिचककर टूट गया, जिसके बाद टैंकर से पेट्रोल लीक होने लगा। घटना के बाद मौके पर पहुंची भीड़ ने इस मौके को सुनेहरा अवसर मानते हुए बाल्टियां, डिब्बे और बर्तन लेकर पेट्रोल भरना शुरू कर दिया और भर भरकर भागते नजर आए। 

घटना शुक्रवार की रात को हुई। हाईवे पर पेट्रोल टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके के लोग उमड़ पड़े। कुछ लोग तो पेट्रोल की किल्लत की अफवाहों को सुनकर भी पहुंचे थे। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में लोग हाईवे पर जुट गए और टैंकर से बह रहे पेट्रोल को बाल्टियों में भर-भरकर ले जाने लगे। 

बोतल-डिब्बे लेकर पहुंचे लोग

स्थानीय लोगों में युवकों की भारी भीड़ दिखाई दी, जो पेट्रोल भरने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में लगे हुए थे। कुछ लोग तो खाली बोतलें, जरीकन और यहां तक कि प्लास्टिक के डिब्बे लेकर पहुंचे थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही काफी मात्रा में पेट्रोल लोग भर ले गए। पेट्रोल की किल्लत की अफवाहों ने इस घटना को और बढ़ावा दिया। कई लोग कह रहे थे कि बाजार में पेट्रोल महंगा और कम उपलब्ध है, ऐसे में यह “फ्री” पेट्रोल उनके लिए वरदान साबित हुआ। हालांकि, इस दौरान आग लगने या बड़े हादसे का खतरा भी मंडरा रहा था, क्योंकि पेट्रोल अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ है। गनीमत रही कि किसी बड़े अग्निकांड की घटना नहीं हुई।

पुलिस ने लोगों को टैंकर से दूर किया

गोविंद नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। पुलिस ने लोगों को खदेड़ने और टैंकर को सुरक्षित करने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा थी कि शुरुआती कुछ देर तक नियंत्रण मुश्किल रहा। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है कि टैंकर एक्सीडेंट का कारण क्या था, चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या कोई तकनीकी खराबी थी इन सभी बिंदुओं पर जांच हो रही है। टैंकर चालक की स्थिति के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। 

पुलिस की आम जनता से अपील

घटना के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि ऐसे हादसों में पेट्रोल या डीजल लूटने की कोशिश न करें, क्योंकि इससे बड़ा अग्निकांड हो सकता है और जान जोखिम में पड़ सकती है। अभी तक इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन पेट्रोल की काफी मात्रा बर्बाद हो गई या लोगों द्वारा ले ली गई। 

(कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली-नोएडा से कैसे पहुंचें जेवर एयरपोर्ट, बस कैब या ट्रेन, क्या है सबसे बेहतर विकल्प?

पीएम मोदी के नोएडा दौरे की वजह से शनिवार को कई जगहों पर रूट रहेगा डायवर्ट, वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी