1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शादी से इंकार पर भड़का रिटायर्ड IAS का बेटा, IIT कर्मचारी को सड़क पर घसीटा, ईंटों से कूचा

शादी से इंकार पर भड़का रिटायर्ड IAS का बेटा, IIT कर्मचारी को सड़क पर घसीटा, ईंटों से कूचा

पीड़िता की बहन ने आरोप लगाते हुए बताया कि देवाशीष लंबे समय से उसकी बहन पर शादी के लिए दबाव बना रहा था और पहले भी कई बार धमकियां दे चुका था। वह कहता था, "मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता, क्योंकि मेरी मां रिटायर्ड आईएएस अधिकारी हैं।"

आरोपी देवाशीष निगम गिरफ्तार- India TV Hindi
Image Source : X/@NALINISKITCHEN आरोपी देवाशीष निगम गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां के बिठूर क्षेत्र में विवाह का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज होकर एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी के बेटे ने IIT कानपुर में कार्यरत एक विधवा महिला पर ईंट से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने महिला को बेरहमी से सड़क पर घसीटा और उसके सिर व चेहरे पर कई बार वार किए। लहूलुहान हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां लगभग 24 घंटे बाद उसे होश आया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), कानपुर में कर्मचारी है। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज लाला लाजपत राय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार, हमले के लगभग 24 घंटे बाद महिला को होश आया। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार की है।

विवाह के लिए दबाव बनाया

आरोपी देवाशीष निगम(38) कथित तौर पर महिला को IIT, कानपुर परिसर के पास से अपनी कार में बैठाकर बिठूर के ब्रह्म घाट की ओर ले गया। रास्ते में उसने महिला पर विवाह के लिए दबाव बनाया। महिला के इंकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। प्राथमिकी और प्रारंभिक जांच के अनुसार, निगम ने रेलवे सर्विस लेन के पास स्थित मॉडल डेरी के निकट कार रोक दी और वाहन के भीतर ही कथित तौर पर महिला पर ईंट से हमला कर दिया।

सड़क पर घसीटा, सिर और शरीर पर वार किया

पुलिस के अनुसार, जब महिला ने कार का दरवाजा बंद कर खुद को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने कथित तौर पर कार का शीशा तोड़ दिया, उसे सड़क पर घसीटा और उसके सिर एवं शरीर पर कई बार वार किया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी की कथित तौर पर पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

सेवानिवृत्त IAS अधिकारी का बेटा है आरोपी

पीड़िता की बहन ने आरोप लगाया कि देवाशीष निगम लंबे समय से उसकी बहन पर विवाह के लिए दबाव बना रहा था और पहले भी उसे धमकी दे चुका था। उन्होंने आरोप लगाया, "वह कहा करता था कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता, क्योंकि उसकी मां सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं।" पुलिस ने आरोपी की पहचान स्वरूप नगर स्थित राज टावर निवासी देवाशीष निगम के रूप में की है। अधिकारियों ने बताया कि उसकी मां चंद्रा निगम भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। 

पुलिस के अनुसार, देवाशीष निगम का विवाह वर्ष 2014 में हुआ था और उसकी एक बेटी है, लेकिन वह पिछले छह महीने से अपनी पत्नी से अलग रह रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता विधवा है और उसकी एक किशोर बेटी है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस. एम. कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और गंभीर चोट पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें-

पत्नी ने रची विदेश से लौटे पति के हत्या की साजिश, 10 साल छोटे बॉयफ्रेंड संग मिलकर उतारा मौत के घाट, दोनों गिरफ्तार

चंबा में चलती कार पर पहाड़ी से गिरा पत्थर, 14 साल की लड़की की मौत; बन्नी माता मंदिर से लौट रहा था परिवार