1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चंबा में चलती कार पर पहाड़ी से गिरा पत्थर, 14 साल की लड़की की मौत; बन्नी माता मंदिर से लौट रहा था परिवार

चंबा में चलती कार पर पहाड़ी से गिरा पत्थर, 14 साल की लड़की की मौत; बन्नी माता मंदिर से लौट रहा था परिवार

 Published : Jul 06, 2026 09:21 pm IST,  Updated : Jul 06, 2026 09:21 pm IST

चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 साल की लड़की की मौत हो गई। कार में सवार 5 लोग भरमौर के प्रसिद्ध बन्नी माता मंदिर से लौट रहे थे, तभी ढकोग से लगभग 2 किलोमीटर औरा कैंची मोड़ के पास अचानक पहाड़ी ले एक बड़ा पत्थर गिर गया और कार उसकी चपेट में आ गई।

कार पर गिरा पत्थर।- India TV Hindi
कार पर गिरा पत्थर। Image Source : REPORTER INPUT

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। सोमवार दोपहर बन्नी माता के प्राचीन धार्मिक स्थल से दर्शन कर लौट रहे धर्मशाला के श्रद्धालुओं की कार एच पी 39 जी 4990 पर अचानक औरा कैंची मोड ढकोग से लगभग 2 किलोमीटर दूर पहाड़ी से भारी भरकम पत्थर गिर गए। इस दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय दीक्षिता पुत्री नवनीत निवासी धर्मशाला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग मामूली घायल हो गए।

कार में कुल पांच लोग सवार थे। इन्हें भी चोटें आई हैं। घटना के बाद दिक्षिता के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अचानक भूस्खलन हुआ और सीधे कार पर गिरा पत्थर

थाना भरमौर से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार संख्या एचपी-39जी-4990 में सवार श्रद्धालु बनीमाता मंदिर में दर्शन करने के बाद धर्मशाला लौट रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे ढकोग से लगभग 2 किलोमीटर औरा कैंची मोड़ के पास अचानक भूस्खलन हुआ और पहाड़ी से बड़े पत्थर सीधे कार पर आ गिरे।

हादसे में दीक्षिता (14 वर्ष), पुत्री नवनीत, निवासी धर्मशाला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों व पंचायत प्रधान तुंदा पुरषोत्तम कुमार की मौजूदगी में उसे तुरंत नागरिक अस्पताल भरमौर लाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। वहीं, कार में सवार बबीता और अन्य एक व्यक्ति भी  मामूली घायल हुए हैं है, जिनका प्राथमिक उपचार नागरिक अस्पताल भरमौर में करने के बाद छुट्टी दे दी गई।

देखें वीडियो-

प्रधान ने अपनी गाड़ी से परिवार के सदस्यों को सुरक्षित वापस भेजा

ग्राम पंचायत तुंदा के प्रधान पुरुषोत्तम कुमार भी  तुरंत उस समय मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी मदद से घायलों को तुरंत  नागरिक हस्पताल  भरमौर पहुंचाया गया, जिससे समय रहते उपचार शुरू हो सका। पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि मंदिर आए श्रद्धालुओं की गाड़ी पर अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण यह दुखद हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद उन्होंने अपनी निजी गाड़ी के माध्यम से प्रभावित परिवार के सदस्यों को सुरक्षित वापस भेजने की व्यवस्था की।

लगातार हो रही बारिश के कारण भरमौर क्षेत्र में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में भरमौर प्रशासन ने लोगों और श्रद्धालुओं से खराब मौसम के दौरान पहाड़ी मार्गों पर अत्यधिक सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

(रिपोर्ट- कपिल ठाकुर)

यह भी पढ़ें-

मुंबई के मिसिंग लिंक के पास भूस्खलन, पुणे जाने वाला रोड पूरी तरह से बंद- ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

किश्तवाड़ और डोडा जिलों में भारी बारिश से तबाही, कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन, मलबे में दबी गाड़ियां

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत