1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. किश्तवाड़ और डोडा जिलों में भारी बारिश से तबाही, कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन, मलबे में दबी गाड़ियां

किश्तवाड़ और डोडा जिलों में भारी बारिश से तबाही, कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन, मलबे में दबी गाड़ियां

 Reported By: Manzoor Mir Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 06, 2026 10:31 am IST,  Updated : Jul 06, 2026 10:39 am IST

जम्म-कश्मीर के किश्तवाड़ और डोडा जिलों में भारी बारिश की वजह कई इलाकों में बाढ़ आ गई है। वहीं बाढ़ की वजह से कई जगहों पर लैंडस्लाइड भी हुआ है। किश्तवाड़ से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें गाड़ियों को मलबे में दबा हुआ देखा जा सकता है।

लैंडस्लाइड की वजह से मलबे में फंसी गाड़ियां।- India TV Hindi
लैंडस्लाइड की वजह से मलबे में फंसी गाड़ियां। Image Source : REPORTER INPUT

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ और डोडा जिलों में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। बाढ़ की वजह से कई इलाकों में भूस्खलन भी देखा गया। किश्तवाड़ में 540 MW के क्वार पावर प्रोजेक्ट के पास भारी बारिश की वजह से जमीन खिसकने (लैंडस्लाइड) की बड़ी घटना हुई है। यहां लैंडस्लाइड की वजह से कई गाड़ियां मलबे के नीचे दब गई हैं। कई गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है और वे मलबे के नीचे फंसी हुई हैं। फंसी हुई गाड़ियों को निकालने और प्रभावित इलाके को ठीक करने के लिए मलबा हटाने का काम चल रहा है। 

मलबे में फंसी गाड़ियां

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह किश्तवाड़ जिले में 540 MW के क्वार हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट के पास भारी बारिश के कारण जबरदस्त भूस्खलन हुआ, जिससे कई गाड़ियां भारी मलबे के नीचे दब गईं और काफी नुकसान हुआ। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन की चपेट में कई गाड़ियां आ गईं और उनमें से कई बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। मलबे को हटाने, प्रभावित गाड़ियों को निकालने और इलाके में आवाजाही बहाल करने के लिए बचाव दल और भारी मशीनरी को काम पर लगाया गया है।

डोडा में भी भारी बारिश

इस बीच, लगातार बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ ने डोडा जिले के कुछ हिस्सों में भी भारी तबाही मचाई। भारी बारिश की वजह से डोडा जिले में भी जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया और कई जगहों पर नुकसान हुआ है। हालांकि, किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है। फिलहाल अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं, जबकि प्रभावित इलाकों में बहाली और बचाव कार्य जारी हैं।

डोडा–किश्तवाड़ मार्ग बंद

वहीं दूसरी तरफ डोडा जिले के प्रेम नगर क्षेत्र में आज सुबह हुई भारी बारिश के कारण डोडा–किश्तवाड़ मार्ग भूस्खलन और मलबा आने से बंद हो गया। लगातार हो रही तेज बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रशासन और संबंधित विभागों की मशीनें मौके पर पहुंच गई हैं तथा मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं सफाई कार्य जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें तथा यात्रा पर निकलने से पहले सड़क और मौसम की ताज़ा जानकारी अवश्य प्राप्त करें। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, इसलिए स्थानीय लोगों और यात्रियों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली-UP से लेकर महाराष्ट्र तक भारी बारिश की चेतावनी, घर से निकलने से पहले यहां पढ़ लें वेदर अलर्ट

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।