जम्मू-कश्मीर की श्रीनगर पुलिस ने डाउनटाउन इलाके में चल रहे एक बड़े अंतर-राज्यीय नशीले पदार्थों और हथियारों के नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं, हेरोइन जैसा पदार्थ, एक पिस्तौल, लाखों रुपये नकद और करीब एक किलोग्राम सोना समेत कई कीमती सामान बरामद किए गए हैं।
श्रीनगर के SSP जी.वी. संदीप चक्रवर्ती के मुताबिक, पुलिस ने कई सुरागों के आधार पर इस नेटवर्क का पता लगाया। जांच की शुरुआत वसीम जरगर से हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसके संपर्कों और नेटवर्क की कड़ियों को खंगालते हुए अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई। SSP ने बताया कि आरोपियों की अलग-अलग भूमिकाएं थीं और जांच में उनके बीच के आपसी संपर्क एवं बैंकिंग लिंक सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि यह कोई छोटा स्थानीय मॉड्यूल नहीं, बल्कि ड्रग्स की सप्लाई और वितरण से जुड़ी एक व्यवस्थित चेन थी।
2.19 लाख से ज्यादा दवा की गोलियां और कोडीन बरामद
पुलिस के मुताबिक, अब तक की कार्रवाई में 2,19,425 दवा की गोलियां/कैप्सूल और कंटेनर समेत 3.830 किलोग्राम कोडीन वाला लिक्विड बरामद किया गया है। इसके अलावा, करीब 40 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ भी जब्त किया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रतिबंधित दवाओं और अन्य नशीले पदार्थों की खरीद कहां से की गई और इन्हें श्रीनगर तक किस माध्यम से पहुंचाया गया।
85.75 लाख रुपये नकद और करोड़ों का सोना बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे और लॉकरों से करीब 85.75 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। इसके साथ ही 108 सोने के सिक्के, सोने के बिस्कुट और अन्य सोने के आभूषण व कीमती सामान भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दो रोलेक्स घड़ियां, एक डायर लेडीज बैग, लेंस के साथ DSLR कैमरा और एक iPhone 16 Pro Max भी बरामद किया है।

पिस्तौल, मैगजीन और खंजर भी बरामद
ड्रग्स के साथ पुलिस ने हथियार भी बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान .32 बोर की एक पिस्तौल, दो खाली मैगजीन और एक खंजर जब्त किया गया है। इसके अलावा दो गाड़ियों को भी कानून के तहत जब्त किया गया है।
बैंक खातों में जमा 1.07 करोड़ रुपये फ्रीज
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से जुड़े कई बैंक खातों की भी पड़ताल की। पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग बैंक खातों में मौजूद करीब 1.07 करोड़ रुपये फ्रीज किए गए हैं। इसके अलावा, पाटलीपोरा छत्ताबल स्थित मोहम्मद वसीम जरगर के एक रिहायशी मकान को भी पुलिस ने जब्त किया है।
NDPS और आर्म्स एक्ट के तहत FIR
मामले में सफाकदल पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 135/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
सप्लाई चेन और फार्मा कंपनियों की भी जांच
SSP जी.वी. संदीप चक्रवर्ती ने कहा कि जांच अभी जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी प्रतिबंधित सामान कहां से हासिल करते थे, उसे कहां स्टोर किया जाता था और किन लोगों तक उसकी सप्लाई की जाती थी।
पुलिस फार्मास्युटिकल कंपनियों और ट्रांसपोर्ट एजेंसियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, नेटवर्क के आगे और पीछे के कनेक्शन की पहचान की जा रही है और जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां और बरामदगी हो सकती है। SSP ने कहा कि जांच का उद्देश्य पूरे संगठित नेटवर्क की पहचान करना है। बीते दिनों श्रीनगर में ड्रग तस्करी और आतंकी गतिविधियों से जुड़ी 7 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति को NDPS और UAPA कानूनों के तहत ज़ब्त किया गया।
ये भी पढ़ें-
पटना से सोनपुर के बीच गंगा के ऊपर बनेगा 20 रोपवे, CM सम्राट चौधरी का ऐलान
"बिखरे विपक्ष को वोट न दें", रेजीनगर उपचुनाव को लेकर मुस्लिम वोटर्स से CM शुभेंदु अधिकारी की अपील