रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन की शुरुआत हो चुकी है और पहले दौर के मैच खत्म हो गए हैं। इन मैचों में खेलने के लिए भारतीय टेस्ट टीम के कई बड़े खिलाड़ी अपनी-अपनी घरेलू टीमों से उतरे थे, लेकिन ज्यादातर खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी के पहले मैच में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। इनमें भारत के स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल भी शामिल थे, जो मुंबई की टीम की तरफ से पहले मैच में खेले थे। उनका प्रदर्शन इस मैच में अच्छा नहीं रहा और अब वह दूसरे मैच से पहले मुंबई की टीम से अलग हो गए हैं।
मुंबई ने जीत के साथ किया इस रणजी सीजन का आगाज
इस रणजी सीजन के ग्रुप-डी में मुंबई का पहला मुकाबला चंडीगढ़ के साथ उनके होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में हुआ था। इस मैच को मुंबई ने एक पारी और 155 रन के बड़े अंतर से आसानी से जीत लिया। लेकिन भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के लिए यह मुकाबला बिल्कुल अच्छा नहीं रहा। उन्हें सिर्फ एक ही पारी में बल्लेबाजी करने का मौका मिला और वे अपना खाता भी नहीं खोल पाए और डक पर आउट हो गए।
सूर्यांश और अंगकृश की हुई मुंबई की टीम में एंट्री
मुंबई का अगला मैच हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में 18 से 21 अक्टूबर तक खेला जाएगा, लेकिन यशस्वी जायसवाल इस मुकाबले में नहीं खेलेंगे क्योंकि वह टीम से बाहर हो चुके हैं और उनकी जगह युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को टीम में शामिल किया गया है। वहीं सूर्यांश शेडगे को भी मुंबई की टीम में शामिल किया है। पहले मैच में टीम के उपकप्तान आयुष म्हात्रे को चोट लगी थी और उसी वजह से वो भी इस मैच का हिस्सा नहीं हैं।
जायसवाल क्यों एक मैच खेलकर हुए टीम से बाहर
जायसवाल को लेकर बात करें तो उन्हें खराब प्रदर्शन की वजह से टीम से बाहर नहीं किया गया है, बल्कि उन्हें मजबूरी में मुंबई की टीम का साथ छोड़ना पड़ा है। दरअसल वह अब सीधे न्यूजीलैंड जा रहे हैं, जहां वे इंडिया ए टीम की तरफ से खेलेंगे। न्यूजीलैंड में 24 अक्टूबर से इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच 3 टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होने वाली है और यशस्वी तीन मैचों के लिए टीम इंडिया का हिस्सा हैं। यही वजह है कि वह रणजी ट्रॉफी के पहले मैच के बाद टीम से अलग हो गए।
हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले के लिए मुंबई का स्क्वॉड: सिद्धेश लाड (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, सूर्यांश शेडगे, दिव्यांश सक्सेना, सरफराज खान, मुशीर खान, सुवेद पारकर, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तमोरे (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, अथर्व अंकोलेकर, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा और ओंकार तरमले
यह भी पढ़ें
भारतीय खिलाड़ी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया रिटायरमेंट का फैसला, एक दशक से अधिक लंबा रहा करियर
भारतीय महिला टीम पहली बार करेगी जिम्बाब्वे का सामना, कब-कहां और कैसे देखें मुकाबला