1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'मैं जाऊंगा प्रदर्शन में', आगे-आगे सपा MLA, पीछे-पीछे पुलिस! काली टीशर्ट में दौड़ते नजर आए अमिताभ बाजपेई; VIDEO

'मैं जाऊंगा प्रदर्शन में', आगे-आगे सपा MLA, पीछे-पीछे पुलिस! काली टीशर्ट में दौड़ते नजर आए अमिताभ बाजपेई; VIDEO

सपा विधायक अमिताभ बाजपेई दिल्ली में चल रहे प्रदर्शनों के समर्थन में सत्याग्रह की तैयारी कर रहे थे इसलिए उन्हें कानपुर में हाउस अरेस्ट किया गया था। लेकिन इसी दौरान एक ऐसा वाकया हुआ जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

kanpur sp mla- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सपा विधायक चकमा देकर निकले तो पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा।

कानपुर शहर में समाजवादी पार्टी के 24 घंटे के सरकार विरोधी प्रदर्शन के दौरान बुधवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। काली टी-शर्ट और काली जींस पहने समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई अचानक पुलिस की बैरिकेडिंग के एक कोने से निकलकर दौड़ पड़े। उनके पीछे-पीछे पुलिसकर्मी भी दौड़ने लगे। कुछ ही पल के लिए ऐसा माहौल बन गया मानो किसी फिल्म का पीछा करने वाला दृश्य हो। वहां मौजूद कार्यकर्ता भी विधायक के पीछे दौड़ पड़े और पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रदर्शन में जाने से रोकने के लिए किया था हाउस अरेस्ट

बता दें कि समाजवादी पार्टी ने सरकार की नीतियों के विरोध में 24 घंटे का प्रदर्शन घोषित किया था। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से ही सतर्क था। विधायक अमिताभ बाजपेई सहित सपा के अन्य विधायकों के घरों के बाहर देर रात से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पार्टी नेताओं का आरोप है कि उन्हें प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए प्रभावी रूप से नजरबंद कर दिया गया था।

बैरिकेड पार कर भागे सपा विधायक

सुबह जब विधायक अमिताभ बाजपेई अपने आवास से बाहर निकले तो उनके समर्थकों की बड़ी संख्या वहां मौजूद थी। कार्यकर्ता सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे। विधायक का काफिला आगे बढ़ने लगा, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता रोक दिया। इसी दौरान पुलिस अधिकारियों और विधायक के बीच बातचीत चल रही थी। तभी अमिताभ बाजपेई अचानक बैरिकेडिंग के किनारे पहुंचे और मौका देखकर तेजी से दौड़ते हुए आगे निकल गए। उन्हें दौड़ता देख पुलिसकर्मी भी उनके पीछे भागे।

कैमरे में कैद हुआ अनोखा दृश्य

यह दृश्य कुछ देर तक चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि विधायक अधिक दूर नहीं गए। कुछ समय बाद वह वापस अपने आवास लौट आए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विधायक आगे दौड़ते और उनके पीछे पुलिसकर्मी भागते दिखाई दे रहे हैं।

देखें वीडियो-

क्या बोले सपा विधायक?

इस पूरे घटनाक्रम पर सफाई देते हुए अमिताभ बाजपेई ने कहा कि उनका उद्देश्य सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराना था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें और उनके कार्यकर्ताओं को घर से बाहर निकलने से रोक रखा था।

विधायक ने कहा कि वह पुलिस की निगरानी से निकलने में सफल हो गए थे, लेकिन बाद में कुछ अधिकारियों ने उनसे अनुरोध किया कि यदि वह आगे बढ़ते हैं तो ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। इसी कारण उन्होंने वापस लौटने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि उनका विरोध सरकार की नीतियों से है, किसी पुलिस अधिकारी से व्यक्तिगत नहीं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका 24 घंटे का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा और वह लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात उठाते रहेंगे।

वहीं, आपको बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी ने शुक्रवार को देशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि ये प्रदर्शन देश के सभी राज्यों और उनके जिलों में होगा।

(रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

"नालायक अधिकारी, पहले इस्तीफा दो..." किस बात पर इतना भड़कीं BJP MLA केतकी सिंह, देखें वीडियो

गोरखपुर में CM योगी की सभा, बोले- 'जो आस्था, नौजवानों और किसानों से खिलवाड़ करते थे, उनके उपदेश हास्यास्पद'