1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लाइब्रेरी जा रहे बाइक सवार छात्र को थार ने मारी जोर की टक्कर, कई फीट हवा में उछलकर गिरा दूर-VIDEO

लाइब्रेरी जा रहे बाइक सवार छात्र को थार ने मारी जोर की टक्कर, कई फीट हवा में उछलकर गिरा दूर-VIDEO

थार की टक्कर लगते ही बाइक से लाइब्रेरी जा रहा छात्र कई फीट हवा में उछलते हुए सड़क के किनारे जा गिरा। इसके बाद थार सवार अपनी गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गया। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमेरे में कैद हो गई।

थार ने लाइब्रेरी जा रहे छात्र को मारी टक्कर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT थार ने लाइब्रेरी जा रहे छात्र को मारी टक्कर

कानपुर के कल्याणपुर इलाके में एक बार फिर बेकाबू रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला है। जहां एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक से लाइब्रेरी जा रहे एक छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही छात्र कई फीट हवा में उछलकर दूर जा गिरा। यह पूरी दर्दनाक घटना पास में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज देखकर किसी की भी रूह कांप जाए।

संभलने तक का नहीं मिला मौका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल छात्र की पहचान सुमित कुमार के रूप में हुई है। सुमित रोजाना की तरह अपनी पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी जा रहा था। जैसे ही वह सड़क पार करने लगा, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार थार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुमित को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

छात्र गंभीर रूप से  हुआ घायल

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल सुमित को पास के ही एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं।

थार चालक को लिया गया हिरासत में

​घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारित थार गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 

सीसीटीवी फुटेज की हो रही जांच

इसके साथ ही पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज को भी जब्त कर लिया है, ताकि मामले की निष्पक्ष और कानूनी जांच की जा सके। पुलिस की टीम मौके पर मौजूद लोगों से भी इस मामले में पूछताछ कर रही है। 

शहर में तेज रफ्तार का कहर

​शहर में लगातार बढ़ रहे इस तरह के हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार गाड़ियों की ओवरस्पीडिंग और सड़क सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इसके पहले भी शहर में तेज रफ्तार के कहर के कई मामले सामने आ चुके हैं। सबसे चर्चित केस फरवरी 2026 को वीआईपी रोड पर एक तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी कार ने कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी थी। 

ज्ञानेंद्र शुक्ला की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें:

हो जाएं सावधान! गाजियाबाद में गंदगी के बीच बन रही थी सोया चाप, छापेमारी कर 200 KG किया गया नष्ट-VIDEO