1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हो जाएं सावधान! गाजियाबाद में गंदगी के बीच बन रही थी सोया चाप, छापेमारी कर 200 KG किया गया नष्ट-VIDEO

हो जाएं सावधान! गाजियाबाद में गंदगी के बीच बन रही थी सोया चाप, छापेमारी कर 200 KG किया गया नष्ट-VIDEO

 Published : Jul 28, 2026 06:57 pm IST,  Updated : Jul 28, 2026 07:14 pm IST

खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी करते हुए 200 किलोग्राम की सोया चाप को नष्ट कर दिया। इस सोया चाप को बनाने में अनियमितता बरती गई है। फैक्ट्री में काफी गंदगी वाली जगह पर ये सोया चाप बनाई जा रही थी।

200 KG सोया चाप किया गया नष्ट- India TV Hindi
200 KG सोया चाप किया गया नष्ट Image Source : REPORTER INPUT

सोया चाप को खाने वाले लोग सावधान रहें। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को गाजियाबाद के शालीमार गार्डन स्थित गणेशपुरी भाटी चौक में संचालित 'घनश्याम चाप' नामक सोया चाप निर्माण इकाई पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में भारी गंदगी और बेहद हानिकारक  परिस्थितियों में सोया चाप का निर्माण होता मिला था। इसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 200 किलोग्राम सोया चाप नष्ट करा दी।

जांच के लिए भेजे गए नमूने

खाद्य विभाग की टीम ने मौके से रंगीन सोया चाप, सफेद सोया चाप और मैदा के तीन नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री में खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। फैक्ट्री में गंदगी वाले माहौल में तैयार की जा रही लगभग 20 हजार रुपये मूल्य की 200 किलोग्राम सोया चाप को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

फैक्ट्री का रजिस्ट्रेशन निलंबित करने की सिफारिश

सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सुरेश कुमार मिश्र ने बताया कि फैक्ट्री का रजिस्ट्रेशन निलंबित करने की सिफारिश की गई है। साथ ही संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आवश्यक सुधार होने तक निर्माण कार्य पूरी तरह बंद रखा जाए।

रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी कड़ी कानूनी कार्रवाई

उन्होंने कहा कि लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित इकाई के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में मिलावटी और अस्वच्छ तरीके से तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

जमीन पर पड़े सोया चाप पर युवक ने लेट-लेटकर नहाया

इसके पहले भी सोया चाप की फैक्ट्री के कई वीडियो वायरल हो चुके हैं। हाल ही में वायरल हुए वीडियो में देखा जा चुका है कि किस तरह फैक्ट्री में अनियमितता बरती जा रही है। वायरल वीडियो में फैक्ट्री के अंदर जमीन पर पड़े सोया चाप के ऊपर एक लड़का लेट-लेटकर नहा रहा था। इस वायरल वीडियो में 4-5 लड़के दिख रहे थे। 

सावधानी बरतने की अपील

इस तरह के वीडियो सामने आने के बाद अब लोग सोया चाप खाने में भी परहेज करने की सोच रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखने के बाद अब लोग सावधानी बरतने की भी अपील कर रहे हैं।

ज़ुबेर अख्तर की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

बॉयफ्रेंड से फोन पर बातचीत में बाधा बन रहा था 3 साल का बेटा, मां ने गला घोंटकर कर दी हत्या, पति ने दर्ज कराया केस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।