A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: बारात आने से पहले खौलते तेल की चपेट में आई दुल्हन, पिता समेत 12 झुलसे

VIDEO: बारात आने से पहले खौलते तेल की चपेट में आई दुल्हन, पिता समेत 12 झुलसे

कानपुर के एक घर में बारात के स्वागत की तैयारी चल रही थी। उससे पहले मेहंदी की रस्म चल रही थी। इस बीच, गैस सिलेंडर लीक होने से भीषण आग लग गई। इस हादसे में दुल्हन, उसके पिता समेत 12 लोग झुलस गए।

मेहंदी की रस्म के दौरान सिलेंडर लीक होने से भीषण आग लग गई।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मेहंदी की रस्म के दौरान सिलेंडर लीक होने से भीषण आग लग गई।

उत्तर प्रदेश: फिल्म 'विवाह' का वह सीन किसे याद नहीं होगा, जब बारात आने से पहले दुल्हन पूनम आग की लपटों में घिरकर बुरी तरह जख्मी हो जाती है। ठीक वैसा ही एक रूह कंपा देने वाला मंजर बुधवार शाम कानपुर के जगन्नाथपुर गांव में देखने को मिला।

दरअसल, यूपी के कानपुर घाटमपुर क्षेत्र स्थित जगन्नाथपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान गैस सिलेंडर लीक होने से भीषण आग लग गई। इस हादसे में दुल्हन और उसके पिता समेत कुल 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को उपचार के लिए कानपुर रेफर किया गया है।

जगदीश प्रसाद की बेटी श्वेता की शादी गुरुवार को होनी थी, जिसकी बारात कानपुर से आनी थी। घर में मेहंदी की रस्म चल रही थी और मेहमानों के लिए पकवान तैयार किए जा रहे थे। इसी बीच, खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर के पाइप से लीकेज शुरू हो गई।

खौलते तेल की कढ़ाई पलट गई

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। अफरा-तफरी के बीच चूल्हे पर रखी खौलते तेल की कढ़ाई पलट गई। गर्म तेल की चपेट में आने से पास खड़ी दुल्हन श्वेता, उसके पिता और फोटोग्राफर समेत कई लोग बुरी तरह जल गए। आग लगते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। 

घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया। पुलिस टीम घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है और घायलों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।

(रिपोर्ट- ज्ञानेंद्र शुक्ला)

ये भी पढ़ें-

कोलतार से लदे टैंकर से टकराकर बस में लगी भीषण आग, 4 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत, 10 झुलसे

"NEET परीक्षा बंद हो, 12वीं के नंबरों पर मिले दाखिला", पेपर लीक पर मचे बवाल के बीच CM विजय की दो टूक