A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ‘उल्टी गैंग' का पर्दाफाश! ऑटो में सवारी बनकर ऐसे करते थे लूट का कांड

‘उल्टी गैंग' का पर्दाफाश! ऑटो में सवारी बनकर ऐसे करते थे लूट का कांड

Kanpur Crime News: कानपुर में ‘उल्टी गैंग’ पर हैरान करने वाला खुलासा हुआ है, जहां बच्चे की उल्टी का बहाना बनाकर यात्रियों को निशाना बनाया जाता था। इस मामले में, पुलिस ने 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Kanpur ulti gang- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT कानपुर में उल्टी गैंग का भंडाफोड़।

Kanpur Vomiting Gang: यूपी के कानपुर में यात्रियों को उल्टी का बहाना बनाकर लूटने वाले शातिर उल्टी गैंग का पुलिस ने पूरे तरीके से भंडाफोड़ कर दिया है। इस गिरोह ने एक अनोखा और चालाक तरीका अपनाया था, जिसमें छोटे बच्चे को आगे करके सवारियों को निशाना बनाया जाता था। पुलिस की सतर्क टीम ने देर रात बर्रा थाना क्षेत्र के गल्ला मंडी इलाके में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ऑटो को रोका। ऑटो चालक ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तुरंत पीछा किया और आरोपी को पकड़ लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। 

पुलिस ने चमंचा-कारतूस भी किया बरामद

गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में तीन महिलाएं और दो युवक शामिल हैं। मुख्य आरोपी अभिषेक कानपुर का रहने वाला है, जबकि अन्य आरोपी चंदौली जिले के निवासी हैं, जिनमें माला, नंदिनी, रिंकू और प्रिंस चौधरी शामिल हैं। पुलिस को इनके पास से 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस, लूट का सामान और एक चोरी का ऑटो बरामद हुआ है।

उल्टी गैंग से मशहूर है गैंग

पूछताछ में पुलिस को हैरान करने वाली बात सामने आई कि यह गिरोह उल्टी गैंग के नाम से मशहूर था। गिरोह एक छोटे बच्चे का इस्तेमाल चोरी के लिए करता था। बच्चा ऑटो में सवारियों के पास बैठ जाता था और अचानक उल्टी व दस्त का बहाना बनाकर रोने-चिल्लाने लगता था। इसी दौरान, गिरोह के अन्य सदस्य सवारियों का ध्यान भटकाकर उनके बैग, मोबाइल, पर्स और कीमती सामान चुरा लेते थे। यह तरीका इतना प्रभावी था कि कई यात्री बिना कुछ समझे अपना सामान गंवा बैठते थे। पिछले कई दिनों से यह गैंग कानपुर के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय था और लगातार शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं।

सभी आरोपियों का काफी लंबा है आपराधिक इतिहास

डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी कई दिनों से कानपुर में रहकर ऐसी वारदातें कर रहे थे। गिरोह का मास्टरमाइंड अभिषेक है, जो स्थानीय है, जबकि बाकी सदस्य दूसरे जिले से आकर अपराध कर रहे थे। पुलिस जांच में पता चला कि सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। हर आरोपी पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 5 से 6 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूटपाट और अवैध हथियार रखने के मुकदमे शामिल हैं।

पुलिस की टीम ने रात की चेकिंग को और प्रभावी बनाकर ये सफलता हासिल की। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि बाकी आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब सभी के पुराने केसों की भी जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।

(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- पकड़ी गई हनीट्रैप गैंग की सरगना, नाबालिग का यौन शोषण कर बनाया वीडियो और मांगी 25 लाख की रंगदारी