A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ में विधानसभा के बाहर UGC को लेकर प्रदर्शन करने पर एक्शन, 100 लोगों पर FIR दर्ज, सुहेल देव आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी नामजद

लखनऊ में विधानसभा के बाहर UGC को लेकर प्रदर्शन करने पर एक्शन, 100 लोगों पर FIR दर्ज, सुहेल देव आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी नामजद

Lucknow UGC Protest: लखनऊ में UGC को लेकर प्रदर्शन करने वाली सुहेल देव आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश पासी और अन्य 100 कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज हुई है। ये लोग विधानसभा के गेट पर बैठ गए थे और नारेबाजी की थी।

Lucknow UGC protest- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT सुहेल देव आर्मी के कार्यकर्ता लखनऊ में विधानसभा के बाहर यूजीसी कानून को लेकर नारेबाजी कर रहे थे।

लखनऊ: UGC प्रावधानों को लागू करने की मांग को लेकर बिना अनुमति यूपी की राजधानी लखनऊ में विधानसभा के सामने प्रदर्शन करने वालों पर एक्शन हुआ है। लखनऊ पुलिस ने सुहेल देव आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश पासी और 100 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि योगेश पासी और उनके साथी प्रदर्शनकारी यूजीसी प्रावधानों में संशोधन को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। बिना अनुमति ये प्रदर्शन विधानसभा के बाहर किया जा रहा था।

विधानसभा के गेट पर किया था प्रदर्शन

लखनऊ के हजरतगंज थाने में दर्ज FIR के मुताबिक, योगेश पासी और 100 अन्य अज्ञात लोगों पर BNS की धारा 189 (2), 191 (2), 285, 352, 223 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बीते 7 फरवरी को को दोपहर करीब 3 बजे विधानसभा गेट नंबर- 1, 2 और 3 की ओर जाने वाले सभी मार्गों से सुहेल देव आर्मी और मार्शल समाज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश पासी के नेतृत्व में लगभग 100 अज्ञात लोग हाथ में सुहेल देव आर्मी का झंडा-पोस्टर और बैनर लेकर प्रतिबंधित क्षेत्र विधानसभा के सामने आ गए।

सुहेल देव आर्मी के कार्यकर्ताओं पर नारेबाजी का आरोप

FIR में ये भी लिखा है कि उन्होंने यूजीसी कानून में संशोधन को लेकर नारेबाजी की और वहीं पर बैठ गए। उन्होंने अपशब्द भी कहे। जहां ये प्रदर्शन हुआ, वहां वर्तमान में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। विधानसभा लोकभवन वीवीआईपी सुरक्षा क्षेत्र में धरना प्रदर्शन पूरी तरह से बैन है।

UGC को लेकर अलग-अलग शहरों में उबाल?

जान लें कि हाल के दिनों में UGC के नए नियमों को लेकर यूपी के अलग-अलग शहरों में उबाल देखने को मिला है। फिलहाल, सुप्रीम कोर्ट इन नियमों पर रोक लगा चुका है। 19 मार्च को इसकी अगली सुनवाई होगी। सुप्रीम कोर्ट की तरफ से पहले कथित रूप से सामान्य वर्ग से जुड़े संगठन प्रदर्शन कर रहे थे और अब सुहेल देव आर्मी ने लखनऊ में प्रदर्शन किया है।

ये भी पढ़ें- EXCLUSIVE: भेदभाव रोकने वाले नियम खुद भेदभाव वाले कैसे? सुप्रीम कोर्ट में UGC नियमों के खिलाफ पक्ष रखने वाले वकील से समझें एक-एक बात