1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ATM से कैश निकालते वक्त सावधान! 2 चोरों ने दूसरों के अकाउंट से उड़ाए 30 लाख, हुआ लुटेरों की ट्रिक का भंडाफोड़

ATM से कैश निकालते वक्त सावधान! 2 चोरों ने दूसरों के अकाउंट से उड़ाए 30 लाख, हुआ लुटेरों की ट्रिक का भंडाफोड़

Lucknow में ATM कार्ड स्वैपिंग गैंग का पर्दाफाश हुआ है। मड़ियांव पुलिस ने 181 एटीएम कार्ड के साथ 2 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ये दोनों अब तक 30 लाख रुपये की ठगी कर चुके हैं। जानें ये दोनों कैसे ATM के जरिए दूसरों के अकाउंट से पैसे निकालते थे।

lucknow atm card swapping gang- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT लखनऊ में ATM स्वैप गैंग का भंडाफोड़ हुआ है।

ATM Card Swapping Gang: यूपी की राजधानी लखनऊ में एटीएम कार्ड स्वैपिंग गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा है। लखनऊ में मड़ियांव पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले संगठित गिरोह के 2 लड़कों शहबान और दिलशाद को गिरफ्तार किया गया है। जानें ये दोनों किस तरह दूसरों के ATM से पैसे निकाल लेते थे।

चोरों के पास से 181 ATM कार्ड बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से 181 एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और 2500 रुपये नकद बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अब तक करीब 30 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी कर चुका है। ADCP नार्थ ऋषभ रूनाल IPS ने प्रेस कॉफ्रेंस करके इसका खुलासा किया है।

बातों में उलझाकर बदल लेते थे ATM कार्ड

आरोपी ATM कार्ड की हेराफेरी कर ATM कार्ड को बदल लेते थे। पुलिस की जांच में पता चला है कि ये दोनों चोर ATM चुराकर निकाले गए पैसों का इस्तेमाल अपने शौक पूरा करने के लिए करते थे। दोनों चोर, यूपी के प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं। इसमें शहबान की उम्र 28 साल और दिलशाद की उम्र 26 साल है।

100 लोगों के साथ हेराफेरी में लूटे 30 लाख

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों अब तक करीब 30 लाख रुपये की चोरी कर चुके हैं। वे करीब 100 लोगों के साथ हेराफेरी कर चुके हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली समेत कई राज्यों में वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपियों ने लगभग 100 बैंक अकाउंट से धनराशि निकाली है।

महिलाओं और बुजुर्गों को बनाते थे निशाना

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ज्यादातर महिलाओं और बुजुर्गों को पैसा निकालने में मदद करने के नाम पर ATM कार्ड की हेराफेरी करते थे। अकेले लखनऊ में ही उन्होंने करीब 20 घटनाओं को अंजाम दिया है। वे इस काम में पिछले 3 साल से जुटे हुए हैं।

ये भी पढ़ें- EXPLAINER: नसीमुद्दीन के सपा में जाने से बिगड़ा किसका सियासी खेल? जानें दिग्गज मुस्लिम नेता के पाला बदलने के बाद बने नए समीकरणों का गणित