यूपी की राजधानी लखनऊ में वकीलों के अवैध चैंबर्स पर आज (रविवार को) बुलडोजर चल रहा है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर नगर निगम की टीम चैंबर्स को जमींदोज कर रही है। बुलडोजर एक्शन के दौरान, घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स भी तैनात है। डीएम ऑफिस के बाहर अवैध कब्जा करके ये चैंबर बनाए गए थे, जिनपर प्रशासन का पीला पंजा चल रहा है। इससे पहले हाईकोर्ट के आदेश पर मई में भी बुलडोजर चला था।
अवैध तरीके से बने चैंबर्स पर चला बुलडोजर
बता दें कि आज शाम को करीब 5 बजे आधा दर्जन से ज्यादा बुलडोजर लखनऊ के रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचे और अवैध तरीके से कब्जा करके बनाए गए चैंबर्स पीले पंजे से गिराने शुरू कर दिए। मामला वकीलों का था इसलिए नगर निगम की टीम के साथ बड़ी तादाद में फोर्स भी मौजूद रही।
Image Source : Reporters Inputलखनऊ में वकीलों का अवैध कब्जा हटाया गया।
हाईकोर्ट के आदेश पर नगर निगम का एक्शन
जान लें कि इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने लखनऊ नगर निगम को 30 अगस्त तक कोर्ट के आसपास के 72 अवैध चैंबर्स को गिराने का आदेश दिया था। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट भी पहुंचा लेकिन वकीलों को कोई राहत नहीं मिली।
नगर निगम के नोटिस में क्या लिखा था?
नगर निगम ने लखनऊ के डीएम ऑफिस, सेशन कोर्ट, पुराना हाईकोर्ट और रजिस्ट्री ऑफिस के आसपास बने ऐसे 100 से ज्यादा चैंबर्स पर लाल निशान लगाकर नोटिस चस्पा कर दिया था। नोटिस में कहा गया था कि कई चैंबर सड़क, फुटपाथ और नालियों पर कब्जा करके बनाए गए हैं और कई दुकानें भी अवैध तौर पर बनी हैं।
Image Source : Reporters Inputलखनऊ में बुलडोजर एक्शन के दौरान भारी फोर्स मौजूद रही।
29 अगस्त तक था अवैध कब्जा हटाने का मौका
नगर निगम ने इन नोटिस में 29 अगस्त तक खुद कब्जा हटाने का मौका दिया था। कई लोगों ने कब्जे हटा भी लिए थे। कई वकील चैंबर से अपना सामान, मेज, कुर्सी, कागज और एसी आदि सब निकालकर भी ले गए थे।
मई में पुलिस को करना पड़ा था वकीलों के विरोध का सामना
आज रविवार को इसके बावजूद बड़ी संख्या में वकील कोर्ट के आसपास सड़कों पर सुबह से ही जमा थे। अतिक्रमण हटाने का ये अभियान मई में भी चला था लेकिन तब पुलिस को वकीलों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा था और पत्थरबाजी भी हुई थी।
ये भी पढ़ें- बाराबंकी में लेखपाल-वकीलों में बवाल के बीच किसी ने SDM की गाड़ी पर थूका पान, छीछालेदर का वीडियो आया सामने