लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के बीच दारोगा ने ट्रैफिक डायवर्जन के लिए लगाई बैरिकेडिंग पर कार चढ़ा दी। हजरतगंज चौराहे पर तैनात सब इंस्पेक्टर ने दारोगा को कार डायवर्ट करने को कहा था लेकिन वह नहीं माने। जब सब इंस्पेक्टर कार रोकने की कोशिश कर रहे थे तब दारोगा ने कार चढ़ाने की कोशिश की। इतना ही नहीं आरोपी दारोगा फिर मौके पर मौजूद डीसीपी ट्रैफिक से भी उलझ गया।
आरोपी दारोगा को पुलिस ने किया अरेस्ट
फिर डीसीपी ट्रैफिक के आदेश पर आरोपी दारोगा को गिरफ्तार किया गया। कड़ी फटकार लगाते हुए डीसीपी ट्रैफिक कमलेश दीक्षित ने दारोगा को पुलिस जीप में बैठाकर थाने भेजा। हजरतगंज पुलिस ने आरोपी दारोगा को हवालात में डाला।
कार से शराब की बोतलें हुईं बरामद
जान लें कि आरोपी दारोगा की कार में शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। इस नोकझोंक के वक्त जो वीडियो रिकॉर्ड किया गया था उसमें दारोगा की कार में शराब की बोतलें दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने आरोपी दारोगा का मेडिकल कराया है। बुधवार रात को हजरतगंज चौराहे पर हुए हंगामे का वीडियो वायरल हो रहा है।
डीसीपी ट्र्रैफिक से उलझते दिखा दारोगा साहब
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी दारोगा को बाकी घेरे खड़े हैं। वह सबसे उलझता दिख रहा है। जब डीसीपी ट्रैफिक उसको कार्रवाई की चेतावनी दे रहे हैं। बाद में पुलिसकर्मी आरोपी दारोगा को अपनी सरकारी जीप में बैठाते हैं और थाने के लिए रवाना हो जाते हैं।
गौरतलब है कि न्यू ईयर सेलिब्रेशन के मद्देनजर लखनऊ में जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी, जिससे कि जाम की स्थिति ना पैदा हो। लेकिन दारोगा साहब को ये पसंद नहीं आया और उन्होंने बैरिकेडिंग पर अपनी कार चढ़ाने की कोशिश की।
ये भी पढ़ें-
काशी-अयोध्या में 3 KM लंबी लाइनें, खाटूश्यामजी में घंटों इंतजार के बाद दर्शन; नए साल पर देशभर के मंदिरों में लगा भक्तों तांता
उत्तर प्रदेश पुलिस ने लोगों को अपने अंदाज में दी बधाई, एक बार आप भी देखिए