5 दिन से गायब अधेड़ को किसने मारा? कुएं में उताराता मिला शव; हत्यारे ने बांधकर फेंकी बॉडी
Murder In Mahoba: महोबा में 5 दिन से गायब कट्टू यादव का शव कुएं में उतराता हुआ मिला है। मारने वाले ने कट्टू के हाथ-पैर बांधकर कुएं फेंक दिया।
Mahoba Murder Case: यूपी के महोबा में 5 दिन से लापता अधेड़ व्यक्ति का शव हाथ-पैर बंधी अवस्था में गांव के बाहर स्थित खेत में बने कुएं में उतराता मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को बाहर निकाला और परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक के परिजनों ने जमीनी विवाद के चलते हत्या करके शव कुएं में फेंकने की आशंका जताकर मामले का खुलासा करने की मांग की है।
रहस्यमयी तरीके से गायब हुआ था कट्टू
दरअसल, घटना अजनर थानाक्षेत्र के अरघटमऊ गांव की है। जहां के रहने वाले अमान सिंह का 45 वर्षीय पुत्र कट्टू उर्फ मैयादीन यादव बीती 22 फरवरी को तड़के सुबह रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था। खोजबीन के बाद भी जब उसका कहीं पता नहीं चला तो थक हारकर परिजनों ने अजनर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराकर पुलिस से उसे तलाशने की गुहार लगाई थी।
कुएं में उतराता मिला कट्टू का शव
पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी कि आज (शुक्रवार को) तड़के सुबह गांव के बाहर सुनसान इलाके में स्थित रूप सिंह और जय सिंह के खेत में बने कुएं में कट्टू यादव का शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाल परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी।
22 फरवरी से गुमशुदा था कट्टू यादव
मृतक के परिजनों ने बताया कि 22 फरवरी को तड़के सुबह कट्टू यादव शौच क्रिया करने के लिए खेतों की तरफ गया था और वहीं से गायब हो गया। उन लोगों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। तब जाकर अजनर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुरानी रंजिश के चलते हत्या की आशंका
उन्होंने आगे कहा कि कुएं में कट्टू का शव उतरा रहा था, तभी जयसिंह के पुत्र बृजेंद्र ने देखा और सूचना दी। हमारा 30 साल से जमीनी विवाद चल रहा है। इससे पहले भी हमारे परिवार के एक सदस्य की हत्या कर दी गई थी। हमें आशंका है कि उन्हीं लोगों द्वारा जमीनी विवाद के चलते हत्या कर शव को हाथ पैर बांध कर कुएं में फेंक दिया गया है।
मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि अजनर थाना क्षेत्र के अरघटमऊ गांव में बीती 22 तारीख से लापता कट्टू उर्फ मैयादीन यादव का शव कुएं में उतरा रहा है। सूचना पर तत्काल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचायत नामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
(इनपुट- शांतनु सोनी)
ये भी पढ़ें- स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को बड़ी राहत, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई रोक
