1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को बड़ी राहत, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई रोक

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को बड़ी राहत, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई रोक

 Reported By: Abhay Parashar Edited By: Subhash Kumar
 Published : Feb 27, 2026 05:11 pm IST,  Updated : Feb 27, 2026 05:31 pm IST

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने उनके खिलाफ तत्काल कोई कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया है।

Swami Avimukteshwaranand Saraswati- India TV Hindi
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को कोर्ट से बड़ी राहत। Image Source : PTI

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने शुक्रवार को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को अगली सुनवाई तक दंडात्मक कार्रवाई से अंतरिम सुरक्षा प्रदान की जाती है। जानकारी के मुताबिक, राहत की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने अधिकारियों को शंकराचार्य के खिलाफ तत्काल कोई कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया है।

यौन उत्पीड़न से जुड़ा है मामला

दरअसल, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को ये राहत यौन उत्पीड़न से जुड़े मामले में मिली है। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी और उन्हें फौरी राहत प्रदान की। जानकारी के मुताबिक, बीते 21 फरवरी को अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य मुकुंदानंद ब्रह्मचारी के खिलाफ एक नाबालिग सहित दो व्यक्तियों के साथ यौन दुर्व्यवहार के आरोप में FIR दर्ज की गई थी।

नार्को टेस्ट के लिए तैयार हूं- अविमुक्तेश्वरानंद 

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने शुक्रवार को अपने ऊपर लगे आरोपों पर कहा कि अगर नार्को टेस्ट से मामले की सच्चाई सामने आती है तो वह इसके लिए भी तैयार हैं। अपने खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामले को लेकर मीडिया से बात करते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा- "यदि नार्को टेस्ट से सच्चाई सामने आ सकती है तो यह अवश्य किया जाना चाहिए। सच उजागर करने के लिए जो भी तरीके उपलब्ध हैं, उन्हें अपनाया जाना चाहिए।"

झूठ ज्यादा वक्त तक नहीं टिकता- अविमुक्तेश्वरानंद

इस पूरे मामले को लेकर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा- "झूठ ज्यादा वक्त तक नहीं टिकता। जिन्होंने भी झूठी कहानी गढ़ी है, वे बेनकाब हो रहे हैं। जैसे-जैसे लोगों को इस मनगढ़ंत मामले की जानकारी होगी, सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।" उन्होंने कहा- "जो बच्चा कभी हमारे पास आया ही नहीं, उसे हमारे नाम से जोड़ना आसान नहीं है।''

ये भी पढ़ें- यौन उत्पीड़न मामले में फंसे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पहुंचे इलाहाबाद हाई कोर्ट, दाखिल की अग्रिम जमानत याचिका

"अविमुक्तेश्वरानंद पर आरोप लगाने वाले पर भी हैं FIR", राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दावा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।