1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रायबरेली स्टेशन पर GRP सिपाही की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, चलती ट्रेन से गिरती महिला को बचाया

रायबरेली स्टेशन पर GRP सिपाही की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, चलती ट्रेन से गिरती महिला को बचाया

रायबरेली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर जीआरपी सिपाही शिवपूजन चौधरी की सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। जनता एक्सप्रेस से सामान लेने उतरी एक महिला के चलती ट्रेन में चढ़ते समय गिर गई थी।

Raibareilley Junction- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT रायबरेली जंक्शन पर टला बड़ा हादसा

उत्तर प्रदेश के रायबरेली जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक जीआरपी सिपाही की सूझबूझ और अदम्य साहस से एक महिला यात्री की जान बच गई और बड़ा रेल हादसा होने से टल गया। वाराणसी से चलकर देहरादून जाने वाली जनता एक्सप्रेस जैसे ही स्टेशन पर पहुंची, वहां ड्यूटी पर तैनात वर्ष 2006 बैच के जीआरपी सिपाही शिवपूजन चौधरी पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी बीच ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला खाने-पीने का सामान खरीदने के लिए प्लेटफॉर्म पर नीचे उतरी थी, जबकि उसकी साथी महिला ट्रेन के भीतर ही मौजूद थी।'

चलती हुई ट्रेन में महिला ने की थी चढ़ने की कोशिश

सामान लेने के दौरान ही अचानक ट्रेन चल पड़ी। ट्रेन को गति पकड़ते देख महिला घबरा गई और हाथ में सामान लिए ही चलती ट्रेन के डिब्बे की ओर तेजी से दौड़ पड़ी। महिला को चलती ट्रेन में चढ़ने का जोखिम उठाते देख ऑन-ड्यूटी तैनात सिपाही शिवपूजन ने तुरंत खतरे की गंभीरता को भांप लिया। वे बिना एक पल गंवाए अपनी जान की परवाह किए बिना महिला के पीछे दौड़ पड़े। महिला जैसे ही डिब्बे के पायदान पर चढ़ने की कोशिश करने लगी, अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच पटरियों की तरफ गिरने लगी।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

तभी सिपाही शिवपूजन ने बहुत ही तेजी दिखाई और महिला को पटरी के नीचे गिरने से ठीक पहले अपनी ओर खींचकर सुरक्षित बचा लिया। सिपाही की इस समझदारी और फुर्ती को देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद बाकी यात्रियों ने तुरंत ट्रेन की चेन खींच दी, जिससे गाड़ी वहीं रुक गई। इसके बाद महिला को सही-सलामत और आराम से ट्रेन में चढ़ा दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद हर कोई सिपाही शिवपूजन चौधरी की फुर्ती, मुस्तैदी और बहादुरी की जमकर तारीफ कर रहा है। लोगों का कहना है कि अगर सिपाही ने समय पर सही फैसला न लिया होता तो एक गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। सिपाही शिवपूजन की यह बहादुरी महिला यात्री के लिए जीवनदायिनी साबित हुई।

रायबरेली से प्रदीप सिंह की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

कांवड़िया बनकर मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 8 घंटे में खुलासा

VIDEO: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर 24 दिन में ही कई गड्ढे, दावा- मरम्मत को सुखाने के लिए लगाए गए पंखे