1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रयागराज में 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन के दौरान बवाल, प्रतिभागियों ने कुर्सियां तोड़ीं, गाड़ियों का घेराव किया

प्रयागराज में 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन के दौरान बवाल, प्रतिभागियों ने कुर्सियां तोड़ीं, गाड़ियों का घेराव किया

प्रयागराज में 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन के दौरान हंगामा हो गया। इस दौरान कुर्सियां तोड़ी गईं और गाड़ियों का घेराव किया गया, जिसके बाद पुलिस ने खदेड़कर प्रतिभागियों को मौके से हंगामा करने से रोका।

Prayagraj- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT प्रयागराज में 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन के दौरान हंगामा

प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज से एक बड़ी खबर है। यहां के यमुनानगर जोन के नैनी में 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन के दौरान जमकर बवाल हुआ है। मैराथन में रजिस्ट्रेशन के बाद बिना नियम और झंडी दिखाए दौड़ शुरू करने पर प्रतिभागी भड़क गए। प्रतिभागियों ने आयोजकों और पुलिस की गाड़ियों को घेर लिया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम स्थल पर रखी दर्जनों कुर्सियां भी तोड़ डालीं। हालांकि हालात बेकाबू होता देख पुलिस की टीम तुरंत ही एक्शन में आई। पुलिस ने प्रतिभागियों को खदेड़कर हालात को काबू में किया।

मैराथन के दौरान बवाल

दरअसल, यमुनानगर जोन के नैनी में 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन के दौरान जमकर बवाल देखने को मिला। यहां मैराथन में रजिस्ट्रेशन के बाद बिना नियम और झंडी दिखाए दौड़ शुरू करने पर प्रतिभागी भड़क गए। देखते ही देखते विवाद काफी ज्यादा बढ़ गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने आयोजकों और पुलिस की गाड़ियों को घेर लिया। हालांकि पुलिस ने प्रतिभागियों को खदेड़कर किसी तरह से हालात को काबू में किया।

सर्टिफिकेट की लूट

बवाल के दौरान प्रतिभागियों ने कार्यक्रम स्थल पर रखी दर्जनों कुर्सियां तोड़ डालीं। इसके साथ ही प्रतिभागी मंच पर चढ़कर नारेबाजी भी करने लगे। प्रतिभागियों ने सर्टिफिकेट की लूट मचा दी और प्रतिभागी एक-दूसरे से सर्टिफिकेट छीनने लगे। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

5-6 हजार लोग हुए थे शामिल

बता दें कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर नैनी में भाजपा यमुनापार ने मैराथन का आयोजन किया था। इसमें उम्मीद से ज्यादा 5 से 6 हजार लोग शामिल हो गए, जिससे हालत पूरी तरह से बेकाबू हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोगों को एक दूसरे पर कुर्सियां फेकते हुए और हंगामा करते हुए देखा जा सकता है। फिलहाल पुलिस ने हालात को काबू में कर लिया है। 

लखनऊ में भी कार्यक्रम

बता दें कि लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर लखनऊ में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सीएम योगी शामिल हुए। इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि अब भारत मे दो कानून नहीं चलेंगे, एक देश में एक विधान एक निशान चलेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता को खतरा तब होता है जब हम जाति के नाम पर, क्षेत्र के नाम पर बंटे होते हैं। जातिवाद, क्षेत्रवाद जैसी बीमारियां समाज की प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करती हैं। जो लोग जिन्ना को अपना आदर्श मानते हैं, वो कहां से लौहपुरुष पटेल को मानेंगे।

यह भी पढ़ें-

'VIDEO देख नहीं पा रहा', पंचकूला में बच्ची पर हमले को लेकर शिक्षा मंत्री ने दिया बयान; बोले- सख्त कार्रवाई होगी